कोलकाता। तृणमूल कांग्रेस (TMC) की ‘शहीद दिवस’ रैली के दौरान पार्टी के भीतर मतभेद एक बार फिर सार्वजनिक रूप से सामने आ गए। पार्टी प्रमुख ममता बनर्जी और सांसद कल्याण बनर्जी के बीच मंच पर कथित तौर पर तीखी बहस हुई, जिसके बाद कल्याण बनर्जी कार्यक्रम बीच में ही छोड़कर चले गए। इस घटनाक्रम ने पार्टी के अंदर चल रही खींचतान को लेकर नई चर्चाओं को जन्म दे दिया है।
मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, रैली में वक्ताओं की लंबी सूची होने के कारण सभी नेताओं से संक्षिप्त भाषण देने का अनुरोध किया गया था। इसी दौरान कल्याण बनर्जी का भाषण अपेक्षा से लंबा होने पर उन्हें समाप्त करने का संकेत दिया गया। बताया जाता है कि, इसी बात को लेकर मंच पर दोनों नेताओं के बीच कहासुनी हुई। हालांकि कल्याण बनर्जी ने समय सीमा से अधिक बोलने के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि उन्होंने निर्धारित समय का पालन किया और बीच-बीच में अन्य नेताओं के आने पर अपना भाषण रोका था।
उन्होंने घटना पर नाराजगी जताते हुए कहा कि, सार्वजनिक रूप से इस तरह का व्यवहार उन्हें आहत करने वाला है। इस पूरे घटनाक्रम के बाद टीएमसी में अंदरूनी मतभेद और कल्याण बनर्जी की राजनीतिक भूमिका को लेकर अटकलें तेज हो गई हैं, हालांकि पार्टी की ओर से इस मामले पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
