किशोरी को दूसरी बार भगाया, अपहरण फिर दुष्कर्म करने वाला आरोपी गिरफ्तार

Follow Us

रायगढ़। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देशन पर जूटमिल पुलिस ने नाबालिग बालिका को दो बार बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर अपहरण के दोनों मामलों में प्रभावी कार्रवाई की है। जानकारी के अनुसार 03.07.2026 को थाना जूटमिल में 15 वर्षीय बालिका के परिजनों ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनकी पुत्री 30.06.2026 से बिना बताए घर से कहीं चली गई है। रिपोर्ट पर अज्ञात आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 361/2026, धारा 137(2) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर बालिका की तलाश शुरू की गई।

पतासाजी के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि बालिका अनुज स्वर्णकार (18 वर्ष) के घर पर है। इस पर 11.07.2026 को जूटमिल पुलिस ने दबिश देकर बालिका को सकुशल दस्तयाब किया। आरोपी पुलिस के पहुंचने से पहले फरार हो गया था। बालिका का महिला पुलिस अधिकारी द्वारा कथन दर्ज कराया गया तथा बाल कल्याण समिति (CWC) के समक्ष काउंसलिंग के बाद उसे उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। बालिका के कथन एवं मेडिकल रिपोर्ट साक्ष्य अनुरूप में प्रकरण में धारा 65(1)(ड) BNS और 4, 6 पॉक्सो एक्ट विस्तारित पुलिस लगातार फरार आरोपी की तलाश में जुटी रही। इसी बीच 13.07.2026 को बालिका पुनः लापता हो गई। परिजनों की शिकायत पर थाना जूटमिल में फिर अपराध क्रमांक 380/2026, धारा 137(2) BNS के तहत एक और मामला दर्ज कर तत्काल खोजबीन शुरू की गई।

पतासाजी के दौरान 15.07.2026 को पुलिस ने केवड़ाबाड़ी स्थित निकले महादेव मंदिर के पास से आरोपी अनुज स्वर्णकार के साथ बालिका को सकुशल दस्तयाब किया। पूछताछ में बालिका ने बताया कि वह 13 जुलाई को आरोपी के साथ ट्रेन से बिलासपुर चली गई थी, जहां दोनों एक दिन रेलवे स्टेशन पर रुके और अगले दिन ट्रेन से वापस रायगढ़ लौट आए। बालिका को आवश्यक विधिक औपचारिकताएं पूर्ण कराने के बाद परिजनों के सुपुर्द किया गया। जूटमिल पुलिस ने आरोपी अनुज स्वर्णकार (18 वर्ष) को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया के तहत रिमांड पर भेजा गया है।