तान्या मित्तल-फैजान अंसारी विवाद फिर गरमाया, इन्फ्लुएंसर ने पुलिस से मांगी सुरक्षा, दी लिखित शिकायत

Follow Us

ग्वालियर। बिग बॉस फेम तान्या मित्तल और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर फैजान अंसारी के बीच विवाद एक बार फिर चर्चा में आ गया है। करीब छह महीने पुराने मामले को लेकर फैजान अंसारी ग्वालियर पहुंचे और पुलिस को लिखित शिकायत सौंपते हुए अपनी जान को खतरा होने का दावा किया। उन्होंने आरोप लगाया कि शिकायत वापस लेने के लिए उन्हें लगातार धमकियां दी जा रही हैं और सुरक्षा की मांग की है। मुंबई से ग्वालियर पहुंचे फैजान अंसारी पहले यूनिवर्सिटी थाना पहुंचे, जहां उन्होंने अपने बयान दर्ज कराए। इसके बाद वे सीधे एसएसपी कार्यालय पहुंचे और लिखित शिकायत देकर आरोप लगाया कि उन पर शिकायत वापस लेने का दबाव बनाया जा रहा है।

फैजान अंसारी के अनुसार, विवाद की शुरुआत करीब छह महीने पहले हुई थी। उनका दावा है कि तान्या मित्तल ने मुंबई एयरपोर्ट पर बलराज साहनी के खिलाफ कार्रवाई करवाई थी। इसके बाद बलराज साहनी की परिचित सिम्मी राजपूत ने उनसे मदद मांगी, जिसके बाद उन्होंने तान्या मित्तल के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। अब उसी शिकायत को वापस लेने के लिए कथित तौर पर उन्हें धमकियां मिल रही हैं।

फैजान का आरोप है कि अलग-अलग लोगों के माध्यम से उन्हें लगातार डराने-धमकाने की कोशिश की जा रही है। उनका कहना है कि धमकी देने वाले खुद को प्रभावशाली व्यक्ति बताते हैं, जिससे उन्हें अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता है। फिलहाल पुलिस ने शिकायत प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। इस मामले में अभी तक आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई और तथ्यों की स्थिति स्पष्ट होगी।