धमतरी में डायल-112 की सरप्राइज चेकिंग, महज 5 मिनट में पहुंची पुलिस टीम

Follow Us

धमतरी। आमजन को आपातकालीन स्थिति में त्वरित पुलिस सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से धमतरी पुलिस ने डायल-112 सेवा की कार्यक्षमता का सरप्राइज टेस्ट किया। पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र कुमार पांडेय ने डायल-112 की आकस्मिक जांच कर रिस्पांस टाइम और टीम की कार्यप्रणाली का निरीक्षण किया।

परीक्षण के दौरान कंट्रोल रूम को सड़क दुर्घटना की काल्पनिक सूचना दी गई। सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम महज 5 मिनट के भीतर मौके पर पहुंच गई और अपनी तत्परता व दक्षता का प्रदर्शन किया।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र कुमार पांडेय ने घटनास्थल पर पहुंचकर टीम की प्रतिक्रिया, समन्वय और कार्यप्रणाली का जायजा लिया। उन्होंने त्वरित कार्रवाई पर संतोष व्यक्त करते हुए अधिकारियों और कर्मचारियों को भविष्य में भी इसी संवेदनशीलता और तत्परता के साथ आमजन की सहायता करने के निर्देश दिए।

धमतरी पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी आपातकालीन स्थिति, सड़क दुर्घटना, अपराध या अन्य सहायता की आवश्यकता होने पर तुरंत डायल-112 पर कॉल करें। पुलिस ने भरोसा दिलाया कि आमजन की सुरक्षा और सेवा के लिए डायल-112 की टीम 24 घंटे तत्पर है।