सरगुजा पुलिस का मुसाफिर चेकिंग अभियान तेज

Follow Us

सरगुजा। जिले में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और संदिग्ध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से सरगुजा पुलिस ने मुसाफिर एवं किरायदार चेकिंग अभियान को तेज कर दिया है। डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल (भा.पु.से.) के दिशा निर्देशन में थाना कोतवाली पुलिस टीम द्वारा शहर के विभिन्न क्षेत्रों में सघन जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान पुलिस ने फल ठेला, चाय-नाश्ता ठेला, छोटे गुमटी संचालकों, अस्थाई दुकानों और किराये के मकानों में रहने वाले लोगों की जानकारी जुटाई।

पुलिस प्रशासन का उद्देश्य जिले में बिना सत्यापन के रह रहे बाहरी व्यक्तियों की पहचान करना और किसी भी संभावित आपराधिक गतिविधि को समय रहते रोकना है। इसी क्रम में थाना कोतवाली पुलिस की टीम ने न्यायालय परिसर, कलाकेंद्र परिसर के आसपास, भट्टी रोड सहित शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर पहुंचकर जांच अभियान चलाया। अभियान के दौरान पुलिस टीम ने सड़क किनारे संचालित होने वाले फल ठेलों, चाय-नाश्ते की दुकानों और छोटी गुमटियों में काम करने वाले कर्मचारियों एवं संचालकों से पूछताछ की।

पुलिस ने उनके पहचान संबंधी दस्तावेजों की जांच की और आवश्यक जानकारी दर्ज की। अधिकारियों ने बताया कि कई बार अस्थाई दुकानों और छोटे व्यवसायों की आड़ में संदिग्ध व्यक्ति अपनी गतिविधियों को संचालित करने का प्रयास कर सकते हैं, इसलिए ऐसे स्थानों की नियमित जांच जरूरी है। पुलिस टीम द्वारा किराये के मकानों में निवासरत व्यक्तियों का भी सत्यापन किया गया। मकान मालिकों को निर्देश दिया गया कि वे किसी भी व्यक्ति को किराये पर रखने से पहले उसका पूरा विवरण और पहचान पत्र जरूर प्राप्त करें। साथ ही किरायदारों की जानकारी संबंधित थाना या चौकी में दर्ज कराने की अपील की गई।

सरगुजा पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि वे अपने आसपास रहने वाले बाहरी व्यक्तियों और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखें। यदि किसी व्यक्ति के संबंध में कोई संदेह हो या कोई व्यक्ति बिना जानकारी के क्षेत्र में रह रहा हो तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें। पुलिस ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि संदिग्ध व्यक्तियों की सूचना मिलने पर उसकी जांच कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मुसाफिर एवं किरायदार चेकिंग अभियान केवल एक दिन की कार्रवाई नहीं है, बल्कि इसे लगातार जारी रखा जाएगा। जिले के सभी थाना क्षेत्रों में समय-समय पर इस प्रकार की जांच की जाएगी ताकि अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। अभियान के दौरान पुलिस ने लोगों को जागरूक करते हुए कहा कि सुरक्षा व्यवस्था में आम जनता की भागीदारी बेहद महत्वपूर्ण है। स्थानीय नागरिक यदि अपने क्षेत्र में आने वाले नए लोगों की जानकारी पुलिस को उपलब्ध कराते हैं तो इससे अपराध रोकने में मदद मिलेगी।

सरगुजा पुलिस ने बताया कि संदिग्ध व्यक्तियों की सूचना देने वाले लोगों की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। किसी भी प्रकार की सूचना पुलिस हेल्पलाइन नंबर 9479193599 या डायल 112 के माध्यम से दी जा सकती है। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि जिले में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए पुलिस का सहयोग करें। इस अभियान के माध्यम से पुलिस प्रशासन का लक्ष्य अपराध नियंत्रण के साथ-साथ जिले में सुरक्षित वातावरण तैयार करना है। लगातार होने वाली मुसाफिर और किरायदार जांच से बाहरी संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा सकेगी और किसी भी अप्रिय घटना को समय रहते रोका जा सकेगा।