सूरजपुर : गजराज के साए में सुरक्षित आशियाना: पीएम आवास योजना से बदली करमचन्द्र के परिवार की जिंदगी

Follow Us

रायपुर/सूरजपुर। जिले के वनांचल और हाथी प्रभावित क्षेत्रों में रहने वाले परिवारों के लिए सुरक्षित आवास एक बड़ी चुनौती रही है। ऐसे ही चुनौतीपूर्ण माहौल में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) ने प्रतापपुर जनपद पंचायत के ग्राम सिंघरा निवासी करमचन्द्र के परिवार को न केवल पक्की छत उपलब्ध कराई, बल्कि उन्हें सुरक्षा, सम्मान और आत्मविश्वास से भरा नया जीवन भी दिया है। वनों से घिरे ग्राम सिंघरा में रहने वाले करमचन्द्र वर्षों से मिट्टी और खपरैल से बने जर्जर कच्चे मकान में अपने परिवार के साथ जीवनयापन कर रहे थे। यह क्षेत्र हाथियों के नियमित आवागमन वाला क्षेत्र है, जहां ग्रामीणों को हर समय जान-माल के नुकसान का खतरा बना रहता है। बरसात और हाथियों की आवाजाही के दौरान परिवार को लगातार भय और असुरक्षा के बीच जीवन बिताना पड़ता था।

करमचन्द्र बताते हैं कि, जब भी हाथियों का दल गांव की ओर आता था, पूरा परिवार चिंता में रातभर जागता रहता था। कच्चे मकान की कमजोर दीवारें और छत कभी भी नुकसान का कारण बन सकती थीं। ऐसे समय में प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण उनके लिए उम्मीद की नई किरण बनकर सामने आई। योजना के तहत पात्रता मिलने पर ग्राम पंचायत और जनपद पंचायत के सहयोग से उनके आवास की स्वीकृति एवं निर्माण कार्य तेजी से शुरू किया गया। शासन से प्राप्त 1.20 लाख रुपये की सहायता राशि तथा मनरेगा के अभिसरण से प्राप्त मजदूरी सहायता ने मकान निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। हाथी प्रभावित क्षेत्र होने के कारण निर्माण सामग्री को समय पर स्थल तक पहुंचाना भी एक बड़ी चुनौती थी, लेकिन पंचायत प्रतिनिधियों, रोजगार सहायक और ग्रामीणों के सहयोग से निर्माण कार्य सफलतापूर्वक पूरा किया गया।

निर्मित पक्का मकान आरसीसी छत एवं मजबूत संरचना से सुसज्जित है, जो पहले के कच्चे घर की तुलना में कहीं अधिक सुरक्षित और टिकाऊ है। आवास के साथ शौचालय का निर्माण भी किया गया है। जिससे वन्यजीवों से टकराव का खतरा भी कम हुआ है। आज करमचन्द्र का परिवार अपने नए पक्के मकान में सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन जी रहा है। हाथियों के आने की सूचना मिलने पर भी अब पहले जैसी चिंता नहीं रहती। करमचन्द्र कहते हैं कि सरकार की इस योजना ने उन्हें सिर्फ मकान नहीं दिया, बल्कि उनके बच्चों को सुरक्षित भविष्य और परिवार को मानसिक शांति प्रदान की है। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के माध्यम से हाथी प्रभावित क्षेत्र में पक्के आवास का यह सफल निर्माण इस बात का उदाहरण है कि, शासन की जनकल्याणकारी योजनाएं दूरस्थ और चुनौतीपूर्ण क्षेत्रों में भी लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही हैं। यह कहानी सुशासन, प्रशासनिक समन्वय और जनहितकारी योजनाओं की सफलता का प्रेरणादायी उदाहरण है।