कोरबा में समर स्पोर्ट्स कैंप का शंखनाद: सीनियर क्लब में बच्चे सीख रहे ताइक्वांडो के गुर

Follow Us

कोरबा। जिले में बच्चों की गर्मियों की छुट्टियों को खेल और सेहत से जोड़ने के लिए 21 दिवसीय ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर की शानदार शुरुआत हो चुकी है। जिला प्रशासन और खेल एवं युवा कल्याण विभाग के संयुक्त तत्वावधान में हसदेव ताप विद्युत संयंत्र (एचटीपीएस) कोरबा पश्चिम के रवींद्र सांस्कृतिक भवन (सीनियर क्लब) परिसर में ताइक्वांडो का विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है। बच्चों के उत्साह को बढ़ाने के लिए हसदेव ताप विद्युत संयंत्र की ओर से जिला प्रशासन को ताइक्वांडो खेल किट भी उपलब्ध कराए गए हैं।

शिविर के मुख्य प्रशिक्षक लोकेश राठौर ने बताया कि इस खेल शिविर का मुख्य उद्देश्य बच्चों और युवाओं को खेल गतिविधियों से जोड़ना, उनकी छिपी हुई प्रतिभा को एक सही मंच देना और उन्हें भविष्य के प्रतिस्पर्धी खेलों के लिए पूरी तरह तैयार करना है। प्रशासन को उम्मीद है कि इस तरह के जमीनी प्रयासों से जिले के अधिक से अधिक खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकेंगे। ताइक्वांडो का यह खास खेल प्रशिक्षण आगामी 12 जून 2026 तक जारी रहेगा। खेल में रुचि रखने वाले और इच्छुक प्रतिभागी इस शिविर में शामिल होने के लिए सीधे मौके पर पहुंचकर अपना पंजीयन (रजिस्ट्रेशन) करा सकते हैं।