बलौदाबाजार। शासकीय दाउ कल्याण सिंह महाविद्यालय के रसायन विज्ञान विभाग के MSc चतुर्थ सेमेस्टर के छात्रों ने एक अनोखा और पर्यावरण के अनुकूल हर्बल हैंड सैनेटाइजर तैयार कर नई उपलब्धि हासिल की है। इस सैनेटाइजर को प्राकृतिक तत्वों जैसे नीम, तुलसी, एलोवेरा और नींबू के मिश्रण से बनाया गया है, जो जीवाणुरोधी गुणों के साथ त्वचा के लिए भी सुरक्षित माना जा रहा है। इस नवाचार का मुख्य उद्देश्य बाजार में उपलब्ध रासायनिक सैनेटाइजर के विकल्प के रूप में एक सस्ता, सुरक्षित और इको-फ्रेंडली उत्पाद विकसित करना है। प्रयोगशाला परीक्षणों में यह पाया गया कि, यह हर्बल सैनेटाइजर हाथों को प्रभावी रूप से साफ करता है और लंबे समय तक उपयोग करने पर भी त्वचा को किसी प्रकार का नुकसान नहीं पहुंचाता।

इस परियोजना को डॉ. ज्योति दीवान के मार्गदर्शन में तैयार किया गया, जबकि विभागाध्यक्ष गणेश राम कुर्रे, डॉ. आकांक्षा एक्का और सहायक प्राध्यापक रुपेश देवांगन ने छात्रों का तकनीकी सहयोग किया। छात्रों की इस पहल की महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. एके उपाध्याय ने सराहना करते हुए इसे एक प्रेरणादायक नवाचार बताया और विद्यार्थियों को भविष्य में भी ऐसे प्रयोगात्मक कार्य करने के लिए प्रोत्साहित किया। इस प्रोजेक्ट में शामिल सभी छात्रों- मधु, शालिनी, शोभना, तेजस्वी, पूजा, प्रीति, निधि, नेहा, तरुण, धनेश्वर सहित अन्य- ने मिलकर इस उत्पाद की पूरी प्रक्रिया को तैयार किया और प्राचार्य को इसकी जानकारी दी। उन्होंने भविष्य में भी नए और उपयोगी रसायन आधारित उत्पाद विकसित करने का संकल्प लिया है, जिससे समाज को लाभ मिल सके।
