अंबिकापुर । सरगुजा संभाग मुख्यालय अंबिकापुर में 26वीं राज्यस्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता 2026 का शुभारंभ हुआ। शासकीय बहुउद्देशीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के खेल मैदान में आयोजित चार दिवसीय प्रतियोगिता का उद्घाटन सांसद चिंतामणि महाराज ने बास्केट में बॉल डालकर किया। प्रतियोगिता में बस्तर, बिलासपुर, दुर्ग, रायपुर और सरगुजा संभाग के खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। शुभारंभ समारोह में विद्यार्थियों ने बिहू नृत्य, पारंपरिक गीत-संगीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से कार्यक्रम को आकर्षक बनाया।
सांसद चिंतामणि महाराज ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल विद्यार्थियों के शारीरिक और मानसिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। खेलों से अनुशासन, आत्मविश्वास, टीम भावना और प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होती है। उन्होंने खिलाड़ियों से पूरे उत्साह और खेल भावना के साथ भाग लेने तथा अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि हार-जीत खेल का हिस्सा है, लेकिन एक अच्छे खिलाड़ी की पहचान उसका अनुशासन, मेहनत और खेल भावना होती है।
चार दिवसीय प्रतियोगिता में फुटबॉल, बास्केटबॉल, बैडमिंटन और सॉफ्टबॉल टेनिस की स्पर्धाएं विभिन्न आयु वर्गों में आयोजित की जा रही हैं। इनमें 19 वर्ष आयु वर्ग के बालकों की फुटबॉल, 14 और 17 वर्ष आयु वर्ग की बालिकाओं की बास्केटबॉल तथा 17 से 19 वर्ष आयु वर्ग के बालक-बालिकाओं की बैडमिंटन और सॉफ्टबॉल टेनिस प्रतियोगिताएं शामिल हैं। आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा दिखाने और भविष्य की बड़ी प्रतियोगिताओं के लिए तैयार होने का अवसर देना है।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष निरूपा सिंह, उपाध्यक्ष देवनारायण यादव, महापौर मंजूषा भगत, नगर निगम सभापति हरमिंदर सिंह टिन्नी और कलेक्टर अजीत वसंत सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे। जनप्रतिनिधियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें मेहनत और अनुशासन के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। महापौर ने विद्यार्थियों से स्वच्छ भारत अभियान में भागीदारी निभाने और अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने की अपील की।


