20 दिन की भूख हड़ताल के बाद सोनम वांगचुक की सेहत पर अपडेट, अस्पताल ने जारी किया हेल्थ बुलेटिन

Follow Us

नई दिल्ली। सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक की स्वास्थ्य स्थिति को लेकर सफदरजंग अस्पताल ने नया हेल्थ बुलेटिन जारी किया है। अस्पताल के मुताबिक, फिलहाल उनकी हालत स्थिर बनी हुई है, लेकिन लंबे समय से जारी अनशन के कारण उनके शरीर पर असर पड़ा है और कुछ ब्लड पैरामीटर्स सामान्य से अलग पाए गए हैं। सोनम वांगचुक इस समय दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में भर्ती हैं। उन्हें 18 जुलाई को पुलिस ने जंतर-मंतर से अस्पताल पहुंचाया था। बताया जा रहा है कि, अस्पताल में भर्ती होने के बाद भी उन्होंने अपना अनशन जारी रखा है और दवा लेने या ड्रिप चढ़ाने से इनकार किया है।

अस्पताल प्रशासन ने बताया कि, वांगचुक की लगातार निगरानी विशेषज्ञ डॉक्टरों की मल्टी-डिसिप्लिनरी टीम कर रही है। डॉक्टरों का कहना है कि, लंबे उपवास के चलते किसी भी संभावित स्वास्थ्य समस्या का समय पर पता लगाने के लिए चौबीसों घंटे मेडिकल मॉनिटरिंग जरूरी है। बता दें कि, सोनम वांगचुक पिछले 20 दिनों से भूख हड़ताल पर थे। उनकी बिगड़ती तबीयत को देखते हुए दिल्ली पुलिस उन्हें जंतर-मंतर से सफदरजंग अस्पताल लेकर गई थी। इस कार्रवाई के बाद प्रदर्शनकारियों में नाराजगी भी देखने को मिली थी। फिलहाल डॉक्टर उनकी सेहत पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।