राजपरिवार के हनुमान मंदिर से चांदी का मुकुट गायब, पुलिस ने तेज की जांच

Follow Us

कवर्धा। छत्तीसगढ़ के कवर्धा में स्थित राजपरिवार से जुड़े एक प्राचीन हनुमान मंदिर में चोरी की वारदात सामने आने से इलाके में हड़कंप मच गया है। अज्ञात चोरों ने मंदिर में स्थापित भगवान हनुमान की प्रतिमा से करीब 10 तोला चांदी का मुकुट पार कर दिया। आपको बता दें, इस घटना की जानकारी मंदिर के पुजारी ने दी, जिसके बाद छत्तीसगढ़ पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

दरअसल,यह मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के फूलवारी इलाके का बताया जा रहा है। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ कर सुराग जुटाने की कोशिश कर रही है। प्रारंभिक जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि, चोरों ने सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया है।

मंदिर स्थानीय लोगों की आस्था का प्रमुख केंद्र है, ऐसे में इस चोरी से लोगों में नाराजगी और चिंता दोनों देखी जा रही है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही संदिग्धों पर नजर बनाए हुए है। अधिकारियों का दावा है कि, जल्द ही आरोपियों का पता लगाकर मामले का खुलासा किया जाएगा। फिलहाल पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है, ताकि इस चोरी के पीछे शामिल लोगों तक पहुंचा जा सके।