भीषण गर्मी का असर: छत्तीसगढ़ में 20 अप्रैल से सभी स्कूल बंद, आदेश जारी

Follow Us

रायपुर। छत्तीसगढ़ में लगातार बढ़ते तापमान और भीषण गर्मी को देखते हुए राज्य सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। सीएम विष्णुदेव साय ने घोषणा की है कि, प्रदेश के सभी शासकीय और निजी स्कूलों में 20 अप्रैल से ग्रीष्मकालीन अवकाश लागू कर दिया जाएगा। पहले यह छुट्टियां बाद में शुरू होनी थीं, लेकिन मौसम की गंभीर स्थिति को देखते हुए तारीख आगे बढ़ा दी गई है।

प्रदेश में तापमान तेजी से बढ़ रहा है और कई जिलों में पारा 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में तापमान में 2 से 3 डिग्री तक और बढ़ोतरी हो सकती है, जिससे लू चलने की आशंका भी जताई गई है। राजधानी रायपुर समेत कई इलाकों में गर्मी का असर सबसे ज्यादा देखने को मिल रहा है।

सीएम ने कहा कि, बच्चों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है। उन्होंने अपने संदेश में स्पष्ट कहा कि, भीषण गर्मी और लू के प्रभाव से बच्चों को बचाना सरकार की प्राथमिकता है। इसी वजह से स्कूलों में अवकाश 20 अप्रैल से शुरू होकर 15 जून तक रहेगा। इस फैसले से छात्रों और अभिभावकों को बड़ी राहत मिलेगी। लगातार बढ़ती गर्मी के कारण स्कूल जाना बच्चों के लिए मुश्किल हो रहा था। अब इस निर्णय के बाद बच्चों को भीषण गर्मी से बचाव मिलेगा और वे सुरक्षित माहौल में रह सकेंगे।