दंतेवाड़ा में सुरक्षाबलों की बड़ी कामयाबी: घने जंगलों में नक्सलियों का विस्फोटक जखीरा तबाह, 2 कुकर आईईड- पाइप बम निष्क्रिय

Follow Us

दंतेवाड़ा। छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत सुरक्षाबलों को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना बारसूर क्षेत्र के ग्राम तोड़मा के घने जंगलों में चलाए गए संयुक्त सर्च ऑपरेशन के दौरान जवानों ने नक्सलियों के एक बड़े मंसूबे को नाकाम कर दिया। सुरक्षाबलों ने मौके से 5-5 लीटर क्षमता वाले 2 प्रेशर कुकर आईईडी (IED) और करीब 10 किलोग्राम वजनी एक खतरनाक पाइप बम बरामद किया। बम निरोधक दस्ते (BDS) ने बिना वक्त गंवाए विशेषज्ञ तकनीक का इस्तेमाल कर इन सभी विस्फोटकों को मौके पर ही सुरक्षित रूप से निष्क्रिय कर दिया।

यह पूरी कार्रवाई 6 जून को मिली एक सटीक खुफिया जानकारी के आधार पर की गई। सीआरपीएफ 195वीं वाहिनी और दंतेवाड़ा पुलिस की संयुक्त टीम ने सुबह करीब 8:40 बजे जंगल में संदिग्ध सामान देखा। विस्फोटकों को नष्ट करने के साथ ही जवानों ने आसपास के इलाके में सघन सर्चिंग ऑपरेशन चलाया, जिसमें नक्सलियों के एक बड़े विस्फोटक डंप का भंडाफोड़ हुआ। इस डंप से भारी मात्रा में हथियार और सैन्य सामान बरामद किया गया, जिसमें बीजीएल, .303 रायफल, एयर रायफल, इंसास मैगजीन, गन पाउडर, 128 इलेक्ट्रिक डेटोनेटर, वायरलेस सेट, दूरबीन, नक्सली वर्दी और नक्सली साहित्य शामिल हैं। जवानों की सूझबूझ और सतर्कता से एक बड़ा हादसा टल गया और सभी जवान सुरक्षित वापस लौट आए हैं।