रायपुर। छत्तीसगढ़ भाजपा की प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी के दो दिवसीय दौरे का सोमवार को दूसरा दिन है। राजधानी रायपुर स्थित भाजपा कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में सुबह से ही बैठकों का दौर शुरू हो गया है। आज उनकी सांसदों, विधायकों, मंत्रियों और विभिन्न निगम-मंडलों के पदाधिकारियों के साथ चर्चा प्रस्तावित है। बैठकों में संगठन की स्थिति, जनप्रतिनिधियों की सक्रियता और सरकारी योजनाओं को जनता तक पहुंचाने जैसे विषयों पर समीक्षा की जाएगी।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, सुबह 10 बजे से 11:30 बजे तक भाजपा विधायकों के साथ बैठक में उनके क्षेत्रीय कार्यों, जनता से संपर्क और संगठनात्मक गतिविधियों पर चर्चा होगी। इसके बाद सुबह 11:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक सांसदों के साथ बैठक प्रस्तावित है। इसमें लोकसभा क्षेत्रों में पार्टी संगठन की स्थिति और केंद्र सरकार की योजनाओं के प्रचार-प्रसार पर विचार किया जाएगा।
दोपहर 12:30 बजे से 2 बजे तक राज्य मंत्रिमंडल के सदस्यों के साथ बैठक होगी। इसमें सरकार और संगठन के बीच समन्वय सहित कामकाज से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की जा सकती है। दोपहर 3 बजे के बाद निगम, मंडल, आयोग और बोर्ड के अध्यक्षों तथा उपाध्यक्षों के साथ समीक्षा बैठक का कार्यक्रम है। इन बैठकों के जरिए प्रदेश में संगठनात्मक गतिविधियों और जनप्रतिनिधियों के कामकाज का फीडबैक लेने पर जोर रहेगा।
स्मृति ईरानी के दौरे के पहले दिन कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में करीब नौ घंटे तक बैठकें हुई थीं। इनमें प्रदेश महामंत्री, पार्टी पदाधिकारी, संभाग और जिला प्रभारी, पूर्व सांसद तथा पूर्व विधायक शामिल हुए। बैठक के दौरान वर्ष 2028 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर भी चर्चा हुई। स्मृति ईरानी ने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर सरकार की योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने तथा संगठन को मजबूत बनाने के लिए सक्रियता बढ़ाने को कहा।
पहले दिन की बैठकों के बाद स्मृति ईरानी मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और सांसद बृजमोहन अग्रवाल के साथ अभनपुर पहुंचीं, जहां उन्होंने ‘मन की बात’ कार्यक्रम में भाग लिया। दौरे के दूसरे दिन की बैठकों को संगठन और सरकार के कामकाज की समीक्षा के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
