मुंबई। मुंबई लोकल ट्रेन में एक बार फिर हिंसक झड़प का मामला सामने आया है। मुंबई-अंबरनाथ लोकल में सीट को लेकर हुए विवाद के बाद यात्रियों के बीच मारपीट शुरू हो गई, जिसमें दो यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। आरोप है कि एक युवक ने हाथ में पहने भारी धातु के कड़े से यात्रियों पर हमला किया और उन्हें चलती ट्रेन से बाहर फेंकने की कोशिश भी की। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें ट्रेन के डिब्बे के अंदर घायल यात्री खून से लथपथ हालत में दिखाई दे रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद रेलवे पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित यात्री ने बताया कि वह काम खत्म करने के बाद मुंबई-अंबरनाथ लोकल ट्रेन में सवार हुआ था। दिवा स्टेशन के बाद ट्रेन खाली हो गई थी। डोंबिवली से कुछ यात्री ट्रेन में चढ़े और सीट को लेकर विवाद शुरू हो गया। पीड़ित के अनुसार, आरोपी ने पहले उससे बहस की और फिर हाथ में पहने भारी कड़े से उसके सिर पर कई वार कर दिए। पीड़ित ने बताया कि जब उसने हमलावर का कॉलर पकड़ने की कोशिश की तो आरोपियों ने उसे चलती ट्रेन से बाहर फेंकने का प्रयास किया। इसी दौरान ठाकुरली स्टेशन पर कुछ यात्री डिब्बे में पहुंचे और उन्होंने बीच-बचाव कर उसकी जान बचाई।
जानकारी के मुताबिक, रात करीब 12:30 बजे जब लोकल ट्रेन कल्याण रेलवे स्टेशन पहुंची तो वहां मौजूद जीआरपी और आरपीएफ की टीम ने घायल यात्रियों को ट्रेन से बाहर निकाला। दोनों घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद रुक्मिणीबाई अस्पताल भेजा गया। जीआरपी कल्याण ने मामले में केस दर्ज कर लिया है। पुलिस वायरल वीडियो और ठाकुरली स्टेशन के सीसीटीवी फुटेज के आधार पर फरार आरोपियों की तलाश कर रही है। प्रारंभिक जांच के अनुसार, यह घटना रात करीब 12:10 से 12:30 बजे के बीच डोंबिवली और ठाकुरली स्टेशनों के बीच लगेज कोच में हुई। पुलिस के मुताबिक, यात्री प्रितेश कनौजिया का विवाद राजू वाघे और साहिल खांडारे से हुआ था। विवाद के दौरान धातु के कड़े से किए गए हमले में दोनों को सिर पर गंभीर चोटें आईं।
