जगदलपुर। झारखंड के चाईबासा जिले के घने सारंडा जंगल से बड़ी खबर सामने आई है, जहां सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच भीषण मुठभेड़ जारी है। खुफिया सूचना के आधार पर सुरक्षा बलों ने इलाके में सर्च ऑपरेशन शुरू किया था। बताया जा रहा है कि, नक्सली संगठन के शीर्ष सदस्य मिसिर बेसरा की मौजूदगी की खबर के बाद जवानों ने कार्रवाई तेज की, इसी दौरान नक्सलियों ने फायरिंग शुरू कर दी। मुठभेड़ के दौरान दोनों ओर से रुक-रुक कर गोलीबारी जारी है, जिससे पूरे इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है। सुरक्षा बलों ने रणनीतिक तरीके से जंगल को घेर लिया है और बड़े स्तर पर तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।
ऑपरेशन में शामिल जवानों को हाई अलर्ट पर रखा गया है।चाईबासा के एसपी अमित रेणु ने मुठभेड़ की पुष्टि करते हुए कहा कि, फिलहाल ऑपरेशन जारी है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। उन्होंने बताया कि, ऑपरेशन खत्म होने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि, सुरक्षा बलों को कितनी सफलता मिली है। एहतियात के तौर पर आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और अतिरिक्त बलों की तैनाती की गई है। अधिकारियों के अनुसार, किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पूरी तैयारी की गई है। इलाके में फिलहाल तनाव बना हुआ है और अभियान जारी है।
