मुंबई। मॉडल और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर साक्षी शिवदासानी ने कॉमेडियन प्रणित मोरे के एक शो के दौरान सामने आए विवादित कमेंट पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए इस मामले को लेकर अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए महिलाओं के प्रति आपत्तिजनक सोच को बढ़ावा देने पर सवाल उठाए। दरअसल, एक वायरल क्लिप में ऑडियंस के एक सदस्य ने डेट पर खर्च किए गए लगभग 370 रुपये का हवाला देते हुए ऐसा बयान दिया, जिसे सोशल मीडिया पर कई लोगों ने महिलाओं के प्रति अपमानजनक और आपत्तिजनक बताया। इस क्लिप के वायरल होने के बाद व्यापक बहस छिड़ गई। साक्षी शिवदासानी ने इंस्टाग्राम पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि केवल यह कहना पर्याप्त नहीं है कि दर्शकों के विचार कलाकार के विचारों का प्रतिनिधित्व नहीं करते। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि टिप्पणी अनुचित थी, तो उसे सोशल मीडिया पर साझा क्यों किया गया। उनके मुताबिक, इस तरह के कंटेंट को सार्वजनिक मंच पर बढ़ावा देना भी चिंता का विषय है।

उन्होंने कहा कि महिलाओं के खिलाफ आपत्तिजनक सोच और व्यवहार को सामान्य मजाक समझकर नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए। साक्षी ने यह भी कहा कि कई मामलों में जवाबदेही तब तय होती है जब लोग खुलकर ऐसे व्यवहार का विरोध करते हैं और अपनी आवाज उठाते हैं। इस विवाद के केंद्र में रहे युवक की पहचान हिमांशु जांगड़ा के रूप में बताई गई है, जो हरियाणा के गुरुग्राम का निवासी है। उसके बयान को लेकर सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं और कई लोगों ने इसे महिलाओं के प्रति गलत मानसिकता का उदाहरण बताया। विवाद के बाद यह मुद्दा सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है, जहां लोग अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता, कॉमेडी की सीमाओं और सामाजिक जिम्मेदारी को लेकर अपनी-अपनी राय रख रहे हैं।
