मुंबई। ‘सैयारा’ में वाणी का किरदार निभाकर दर्शकों के बीच पहचान बनाने वाली अनीत पड्डा अब एक बिल्कुल अलग अंदाज में नजर आने वाली हैं। उनकी आगामी ड्रामा सीरीज ‘हुंकार: द रोर’ का दमदार टीजर जारी हो गया है। कहानी 17 वर्षीय मीनू रावत के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसका किरदार अनीत निभा रही हैं। मीनू चर्चित कल्ट लीडर सुनील चाकोसी उर्फ बापजी पर गंभीर आरोप लगाती है, जिसके बाद उसके खिलाफ जांच शुरू हो जाती है। देखते ही देखते मामला पुलिस से निकलकर कोर्ट और मीडिया तक पहुंच जाता है और एक बड़े संघर्ष का रूप ले लेता है।
तीन किरदार, एक बड़ी लड़ाई। सीरीज में पुलिस, कानून और मीडिया के नजरिए से इस पूरे मामले को दिखाया जाएगा। एसीपी जसलीन सिंह सोनी केस की जांच संभालती हैं, जबकि भलेराव एक संघर्षरत वकील के तौर पर अदालत में मामले की पैरवी करते हैं। वहीं पत्रकार अमिताभ मीडिया के जरिए इस केस को सामने लाते हैं। टीजर से संकेत मिलता है कि जांच, कोर्टरूम ड्रामा और मीडिया ट्रायल के बीच यह मामला धीरे-धीरे राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा का विषय बन जाता है। सैयारा से पहले शूट हुई थी सीरीज। अनीत पड्डा ने सोशल मीडिया पर टीजर साझा करते हुए बताया कि ‘हुंकार’ की शूटिंग उन्होंने ‘सैयारा’ से पहले ही पूरी कर ली थी। अभिनेत्री ने कहा कि यह सीरीज लंबे समय से उनके सफर का हिस्सा रही है और अब इसे दर्शकों के सामने लाने की खुशी है। सीरीज में अनीत के साथ फातिमा शेख, अर्जुन माथुर, मोहम्मद जीशान अय्यूब, रघुबीर यादव और राम कपूर जैसे कलाकार भी नजर आएंगे।
25 सितंबर से जियोहॉटस्टार पर स्ट्रीम होगी ‘हुंकार: द रोर’। सीरीज का निर्देशन करण डी कपाड़िया, नित्या मेहरा और हीराज मरफातिया ने किया है। इसका प्रीमियर 25 सितंबर को जियोहॉटस्टार पर होगा। वहीं अनीत पड्डा ‘शक्ति शालिनी’ में भी दिखाई देंगी, जिसके सेट से सामने आए कुछ वीडियो में वह स्कूल गर्ल के लुक में नजर आई थीं।
