मॉस्को/कीव। रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध एक बार फिर तेज हो गया है। ताजा हमले में रूस ने यूक्रेन की राजधानी कीव समेत कई इलाकों को निशाना बनाया, जहां 24 घंटे में लगभग 28 जगहों पर जोरदार धमाके हुए। इन हमलों से शहर में दहशत फैल गई और कई क्षेत्रों में भारी नुकसान की खबरें सामने आई हैं।
रिपोर्ट्स के अनुसार, रूस ने हाई-प्रिसिजन मिसाइलों और ड्रोन का इस्तेमाल करते हुए यूक्रेन के सैन्य ठिकानों, ड्रोन निर्माण केंद्रों, एयरफील्ड नेटवर्क और ईंधन भंडारण सुविधाओं पर हमला किया। ओडेशा में एक प्रमुख ड्रोन कॉम्प्लेक्स को पूरी तरह तबाह करने का दावा भी किया गया है। इन हमलों में कम से कम 8 लोगों की मौत और 30 से अधिक लोग घायल होने की सूचना है, हालांकि आधिकारिक आंकड़ों की पुष्टि अभी जारी है। राजधानी कीव में हुए लगातार धमाकों के बाद हालात बेहद तनावपूर्ण बने हुए हैं।
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए अपनी विदेश यात्रा बीच में ही छोड़कर तुरंत कीव लौटने का फैसला किया। वहीं, कई जगहों पर संचार और इंटरनेट ढांचे को भी नुकसान पहुंचा है। रूस का दावा है कि, यह कार्रवाई यूक्रेन की ओर से उसके नागरिक ढांचे पर किए गए कथित हमलों के जवाब में की गई है। रूसी रक्षा मंत्रालय ने इसे “जवाबी सैन्य अभियान” बताया है, जिसमें रणनीतिक और सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया गया है।
