नई दिल्ली। दिल्ली में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के बीच वोटर लिस्ट में नाम जुड़वाने के लिए बड़ी संख्या में आवेदन सामने आए हैं। निर्वाचन विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, 31 अगस्त से 18 नवंबर के बीच राजधानी के सभी 13 जिलों से फॉर्म-6 के जरिए 3,18,409 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें सबसे ज्यादा 38,790 आवेदन वेस्ट जिले से मिले हैं। वहीं, नॉर्थ ईस्ट जिला 31,141 आवेदनों के साथ दूसरे और ईस्ट जिला 30,383 आवेदनों के साथ तीसरे स्थान पर रहा। मतदाता सूची में नाम जोड़ने के लिए आवेदन करने की अंतिम तारीख 25 नवंबर निर्धारित की गई है।
निर्वाचन विभाग के अनुसार, SIR शुरू होने से पहले 30 अगस्त तक भी फॉर्म-6 के जरिए 2,12,400 आवेदन प्राप्त हुए थे। इस तरह 18 नवंबर तक नए मतदाताओं के नाम जोड़ने के लिए कुल 5,30,809 आवेदन मिल चुके हैं। इसके अलावा मतदाता सूची से नाम हटाने के लिए फॉर्म-7 के तहत 31 अगस्त से 18 नवंबर के बीच 33,018 आवेदन प्राप्त हुए। पहले मिले 51,471 आवेदनों को मिलाकर यह संख्या 84,489 हो गई है। वहीं, नाम, पता और अन्य जानकारियों में सुधार के लिए फॉर्म-8 के तहत SIR अवधि में 1,18,222 आवेदन मिले हैं। पहले के 2,60,768 आवेदनों को मिलाकर कुल संख्या 3,78,990 पहुंच गई है।
दिल्ली में 31 अगस्त को ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी की जा चुकी है। नागरिक निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर जाकर अपना नाम और अन्य विवरण जांच सकते हैं। दावे और आपत्तियां दर्ज कराने के लिए 25 नवंबर अंतिम तारीख है। इसके बाद प्राप्त आवेदनों का निपटारा 15 दिसंबर तक किया जाएगा और 22 दिसंबर को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित होगी। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 25 नवंबर के बाद इस चरण में नए दावे और आपत्तियां स्वीकार नहीं की जाएंगी।
इस बीच दिल्ली के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO) अशोक कुमार का तबादला जम्मू-कश्मीर कर दिया गया है। उन्होंने 13 फरवरी 2026 को दिल्ली CEO का पदभार संभाला था और करीब नौ महीने बाद उनका तबादला हुआ है। वह 2006 बैच के IAS अधिकारी हैं। CEO कार्यालय के एक अधिकारी के मुताबिक, इस प्रशासनिक बदलाव का SIR प्रक्रिया से सीधे तौर पर कोई संबंध नहीं है। गौरतलब है कि SIR के दौरान दिल्ली की ड्राफ्ट मतदाता सूची से करीब 47 लाख नाम बाहर होने के बाद विवाद खड़ा हो गया था। मामला सुप्रीम कोर्ट तक पहुंचा, जहां यह लंबित बताया गया है। निर्वाचन विभाग इन मतदाताओं का दोबारा सत्यापन कर रहा है, खासकर उन लोगों का जिनके पते बदल गए हैं।
