दुर्ग में पिकअप के गुप्त चेंबर से मिले 4 करोड़ रुपये, दो लोगों से पूछताछ जारी

Follow Us

दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में वाहन जांच के दौरान पुलिस ने एक पिकअप से चार करोड़ रुपये नकद बरामद किए हैं। खुर्सीपार पुलिस के मुताबिक, वाहन के पिछले हिस्से में बदलाव कर एक गुप्त चेंबर बनाया गया था, जिसमें बड़ी मात्रा में नकदी छिपाकर रखी गई थी। मामले में वाहन में सवार दो लोगों से पूछताछ की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, सफेद रंग का बोलेरो मैक्स पिकअप क्रमांक CG 04 QU 5996 रायपुर से नागपुर की ओर जा रहा था। डबरापारा क्षेत्र में रात करीब 11 बजे जांच के दौरान पुलिस ने वाहन को रोककर तलाशी ली। इस दौरान पिकअप का पिछला हिस्सा मॉडिफाई कर बंद किया हुआ मिला। बारीकी से जांच करने पर एक गुप्त चेंबर का पता चला। उसे खोलने पर चार करोड़ रुपये की भारतीय मुद्रा बरामद हुई।

वाहन में मौजूद लोगों की पहचान भवेशभाई जीनाभाई डाभी और विष्णुदेव दुबे के रूप में हुई है। पुलिस दोनों से नकदी कहां से लाई गई, इसका मालिक कौन है और इतनी बड़ी रकम ले जाने का उद्देश्य क्या था, इन बिंदुओं पर जानकारी जुटा रही है। पुलिस ने बताया कि मामले में नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जा रही है। नकदी के स्रोत और वित्तीय लेन-देन से जुड़े तथ्यों की जांच के लिए आयकर विभाग को भी सूचना दी जाएगी। फिलहाल बरामद रकम से संबंधित सभी पहलुओं की जांच जारी है।