दुर्गूकोदल पुलिस की कार्रवाई, नशे में वाहन चलाने वालों को सख्त संदेश
कांकेर । शराब पीकर दोपहिया वाहन चलाना एक बाइक चालक को महंगा पड़ गया। दुर्गूकोदल पुलिस ने शराब के नशे में बाइक चलाने के मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी चालक को वाहन सहित भानुप्रतापपुर न्यायालय में पेश किया। मामले की सुनवाई के बाद माननीय न्यायालय ने चालक पर 17 हजार रुपये का अर्थदंड लगाया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जिला पुलिस अधीक्षक कांकेर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भानुप्रतापपुर एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस भानुप्रतापपुर के निर्देशन में तथा थाना प्रभारी निरीक्षक सुनील दुबे के मार्गदर्शन में दुर्गूकोदल पुलिस द्वारा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में पुलिस ने शराब के नशे में चार पहिया वाहन टाटा सफारी वाहन चालक एवं मालिक शिवेंद्र मंडावी, उम्र 38 वर्ष, निवासी केंवटी शिकारीपारा को पकड़ा।
पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए चालक को वाहन सहित भानुप्रतापपुर न्यायालय में प्रस्तुत किया। न्यायालय ने मामले में 17 हजार रुपये का चालानी अर्थदंड लगाया। पुलिस की इस कार्रवाई से शराब पीकर वाहन चलाने वाले लोगों को यातायात नियमों का पालन करने का स्पष्ट संदेश मिला है।
नशे में वाहन चलाना खुद के साथ दूसरों की जान को भी खतरा
शराब का सेवन करने के बाद वाहन चलाने से चालक की निर्णय लेने की क्षमता और प्रतिक्रिया देने की गति प्रभावित हो सकती है। ऐसी स्थिति में सड़क दुर्घटना होने की आशंका बढ़ जाती है। लापरवाही से वाहन चलाने पर चालक के साथ-साथ सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों की जान भी खतरे में पड़ सकती है। थाना प्रभारी निरीक्षक सुनील दुबे ने आम नागरिकों से अपील की है कि शराब पीकर कभी भी वाहन न चलाएं। यदि किसी व्यक्ति ने शराब का सेवन किया है, तो वह बाइक या अन्य वाहन चलाने से बचें और घर पहुंचने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था का उपयोग करें। उन्होंने यातायात नियमों का पालन करने, वाहन चलाते समय सावधानी बरतने तथा स्वयं और दूसरों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने की अपील की।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा के लिए यातायात नियमों का पालन करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। थोड़ी-सी लापरवाही गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती है। इसलिए वाहन चालक नशे से दूर रहें और सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें।


