धमतरी। जिले के कुरुद थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े चावल कारोबारी की हत्या का मामला सामने आया है। ग्राम नारी में अज्ञात हमलावरों ने कारोबारी नीरज साहू पर हमला कर उनकी जान ले ली। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।
जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह नीरज साहू रोज की तरह अपने वाहन में चावल भरकर कंडेल से ग्राम नारी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान नारी पुल के पास अज्ञात हमलावरों ने उन्हें घेर लिया और धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल कारोबारी की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही कुरुद थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। वारदात की गंभीरता को देखते हुए FSL (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से अहम साक्ष्य जुटाए हैं।
दिनदहाड़े हुई इस हत्या के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश और भय का माहौल है। पुलिस अब अज्ञात आरोपियों की तलाश में जुटी है और हत्या के कारणों का पता लगाने के लिए जांच आगे बढ़ा रही है।
