NEET विवाद की गूंज छत्तीसगढ़ में, रायपुर में BJP-कांग्रेस आमने-सामने; पत्थरबाजी के बाद पुलिस ने छोड़े आंसू गैस के गोले

Follow Us

रायपुर/बिलासपुर। NEET पेपर लीक को लेकर दिल्ली में जारी राजनीतिक घमासान का असर अब छत्तीसगढ़ में भी देखने को मिला। राजधानी रायपुर में भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के अलग-अलग विरोध प्रदर्शनों के दौरान दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। स्थिति तनावपूर्ण होने पर पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े और पानी की बौछार कर भीड़ को नियंत्रित किया। दिल्ली में प्रधानमंत्री आवास के बाहर राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के प्रदर्शन के बाद रायपुर में भाजपा ने प्रधानमंत्री की सुरक्षा में सेंध का आरोप लगाते हुए कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन की ओर मार्च निकाला। वहीं कांग्रेस ने अपने नेताओं के खिलाफ पुलिस कार्रवाई के विरोध में भाजपा कार्यालय एकात्म परिसर की ओर कूच किया।

पुलिस ने पहले से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए थे। शंकर नगर क्षेत्र में बैरिकेडिंग कर कांग्रेस कार्यकर्ताओं को रोकने का प्रयास किया गया, जबकि भाजपा कार्यालय के बाहर भी भारी पुलिस बल तैनात रहा। प्रदर्शन के दौरान दोनों दलों के कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए। इस दौरान कथित तौर पर पत्थरबाजी भी हुई, जिसके बाद हालात बिगड़ने लगे। स्थिति पर काबू पाने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले दागे और वाटर कैनन से पानी की बौछार की।

उधर, बिलासपुर में भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने NEET पेपर लीक, छात्रों पर कथित लाठीचार्ज और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं को हिरासत में लिए जाने के विरोध में प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ता तिलक नगर स्थित कांग्रेस भवन से पदयात्रा करते हुए नेहरू चौक पहुंचे, जहां प्रधानमंत्री का पुतला दहन कर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। कांग्रेस का आरोप है कि दिल्ली में छात्रों के शांतिपूर्ण प्रदर्शन पर बल प्रयोग किया गया और पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं को हिरासत में लिया गया।