आरसीबी बनी ‘बैक-टू-बैक’ चैंपियन: ढोल की थाप पर थिरके अनुष्का-विराट

Follow Us

अहमदाबाद। नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए आईपीएल 2026 के महामुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने इतिहास दोहरा दिया है। आरसीबी ने गुजरात टाइटंस (GT) को 5 विकेट से धूल चटाकर लगातार दूसरी बार आईपीएल ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। 18वें ओवर की आखिरी गेंद पर विराट कोहली का वो कड़क छक्का जैसे ही बाउंड्री पार गया, पूरा स्टेडियम ‘आरसीबी-आरसीबी’ के नारों से गूंज उठा।

जीत के बाद आरसीबी के ड्रेसिंग रूम का नजारा देखने लायक था। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में ‘किंग कोहली’ और क्रुणाल पांड्या हाथ में चमचमाती ट्रॉफी लिए ढोल की थाप पर जमकर भांगड़ा करते नजर आए। जश्न का रोमांच तब और बढ़ गया जब बॉलीवुड एक्ट्रेस अनुष्का शर्मा भी पति विराट कोहली का साथ देने डांस फ्लोर पर उतर आईं। कप्तान रजत पाटीदार, जितेश शर्मा और रसिल सलाम ने भी दिनेश कार्तिक के साथ मिलकर जमकर ठुमके लगाए।

पहले बल्लेबाजी करते हुए गुजरात की टीम आरसीबी के गेंदबाजों के आगे बेबस नजर आई। वॉशिंगटन सुंदर की 50 रनों (37 गेंद) की जुझारू पारी के दम पर जीटी ने 20 ओवर में 155 रन बनाए। आरसीबी के रसिख सलाम ने घातक गेंदबाजी करते हुए 27 रन देकर 3 विकेट झटके, जबकि भुवनेश्वर कुमार और जोश हेजलवुड को 2-2 विकेट मिले।

156 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी आरसीबी को वेंकटेश अय्यर (32 रन) और विराट कोहली ने तूफानी शुरुआत दी। दोनों ने महज 27 गेंदों में 62 रन जोड़ दिए। इसके बाद कोहली ने मोर्चा संभाला और 42 गेंदों में 75 रनों (9 चौके, 3 छक्के) की मैच जिताऊ पारी खेली। टिम डेविड ने भी 24 रनों का अहम योगदान दिया और आरसीबी ने आसानी से 18 ओवर में ही 5 विकेट खोकर खिताबी जीत दर्ज कर ली।