रांची। झारखंड की राजधानी रांची के मांडर थाना क्षेत्र अंतर्गत करगे गांव से इंसानियत को शर्मसार करने वाली एक वारदात सामने आई है। यहाँ एक युवती को उसके ही घर से जबरन अगवा कर नदी किनारे ले जाया गया और 9 युवकों ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म (गैंगरेप) किया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पीड़िता को बदहवास हालत में छोड़कर फरार हो गए। हालांकि, रांची पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए महज 8 घंटे के भीतर घटना में शामिल सभी 8 बालिग आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और एक नाबालिग को भी हिरासत में लिया है।
जानकारी के अनुसार, पीड़िता पिछले दो वर्षों से एक युवक के साथ लिव-इन-रिलेशनशिप में रह रही थी। करीब डेढ़ महीने पहले उसका पार्टनर काम के सिलसिले में केरल चला गया था, जिसके बाद से वह घर में अकेली रह रही थी। इसी का फायदा उठाकर देर शाम गांव और आसपास के 9 युवक जबरन उसके घर में घुस आए और उसे उठा ले गए। सुबह किसी तरह हिम्मत जुटाकर पीड़िता मांडर थाना पहुंची और शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए रांची के एसएसपी ने खलारी डीएसपी के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया। पुलिस ने तकनीकी इनपुट्स और मोबाइल लोकेशन के आधार पर ताबड़तोड़ छापेमारी कर आयुष उरांव, पापड़ मुंडा, रामलुस कुजूर, रंजीत उरांव, उमेश भगत, दीपक उरांव, राम उरांव और विकास उरांव को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस इस मामले में फास्ट ट्रैक कोर्ट के जरिए आरोपियों को सख्त सजा दिलाने की तैयारी कर रही है।
