झारखंड में यूनाइटेड किंगडम भेजी गई पहली खेप, महिला किसानों के ‘आम्रपाली’ को मिला अंतरराष्ट्रीय बाजार

Follow Us

नई दिल्ली। केंद्र सरकार द्वारा किसानों की आय बढ़ाने के प्रयासों के तहत झारखंड के आमों का अंतरराष्ट्रीय निर्यात शुरू हो गया है। राज्य से ताजे आमों की पहली व्यावसायिक खेप को सफलतापूर्वक यूनाइटेड किंगडम (UK) भेजा गया है। इसे स्थानीय उत्पादों को वैश्विक मंच मिलने का एक शानदार उदाहरण बताते हुए केंद्रीय वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर बधाई दी। उन्होंने बताया कि झारखंड के सिमडेगा की एक महिला किसान उत्पादक कंपनी द्वारा विशेष रूप से उगाए गए ‘आम्रपाली’ आम अब लंदन के बाजारों में पहुंचने वाले हैं। वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय के अधीन कार्यरत संस्था ‘एपीडा’ (APEDA) के इन निरंतर प्रयासों से किसानों को फसलों का बेहतर मूल्य, ग्रामीण महिलाओं को नई पहचान और भारत के कृषि निर्यात को एक नई गति मिल रही है।

मंत्रालय के मुताबिक, 4 जून 2026 को कोलकाता से हरी झंडी दिखाकर रवाना की गई इस पहली खेप में सिमडेगा जिले के बानो ब्लॉक की ‘बेउरा फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड’ की महिला किसानों द्वारा उत्पादित 1.5 मीट्रिक टन ताजे आम्रपाली आम शामिल हैं। इस खेप का निर्यात कोलकाता की फर्म मैसर्स जेजीबी एग्रोफ्रेश प्राइवेट लिमिटेड द्वारा किया जा रहा है। दरअसल, एपीडा ने 5 मई 2026 को स्थानीय किसानों और महिला समूहों के लिए एक विशेष निर्यात-उन्मुख क्षमता विकास कार्यक्रम आयोजित किया था, जिसमें अंतरराष्ट्रीय गुणवत्ता मानकों और बाजार की मांग की जानकारी दी गई थी। इसके बाद एपीडा ने महिला किसान कंपनी और निर्यातक फर्म के बीच संपर्क स्थापित कराया, जिसका नतीजा इस सफल निर्यात के रूप में सामने आया है। इस सरकारी पहल से क्षेत्र के अन्य किसान समूहों को भी बेहतर फसल प्रबंधन करने और अंतरराष्ट्रीय मानकों को अपनाने की प्रेरणा मिलेगी।