रायपुर में गांजा तस्करों पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, BSUP कॉलोनी में रेड कर 6 गिरफ्तार

Follow Us

रायपुर। राजधानी में नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने काठाडीह स्थित BSUP कॉलोनी में छापा मारकर 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें ओडिशा का एक अंतर्राज्यीय आरोपी भी शामिल है। कार्रवाई एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और मुजगहन थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने की। पुलिस को सूचना मिली थी कि एक मकान में कुछ लोग गांजा रखकर उसकी बिक्री की तैयारी कर रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर टीम ने मौके पर पहुंचकर रेड कार्रवाई की। तलाशी के दौरान कमरे में पलंग के नीचे रखी बोरी से गांजा बरामद किया गया। मौके पर मौजूद 5 पुरुष और 1 महिला सहित कुल 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ के दौरान आरोपी पुलिस को गुमराह करने की कोशिश करते रहे, लेकिन सख्ती से पूछताछ में सच्चाई सामने आ गई। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 4.916 किलोग्राम गांजा और 6 मोबाइल फोन जब्त किए हैं, जिनकी कुल कीमत लगभग 3.45 लाख रुपये बताई जा रही है। सभी के खिलाफ थाना मुजगहन में NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर इस नेटवर्क के अन्य लिंक की भी जांच कर रही है, ताकि नशे के पूरे गिरोह का पर्दाफाश किया जा सके।