श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर में लगातार हो रही भारी बारिश ने कई इलाकों में हालात बिगाड़ दिए हैं। राजौरी जिले में अचानक आई बाढ़ ने भारी तबाही मचाई है। तेज बारिश और नदी-नालों में बढ़े जलस्तर के कारण सैकड़ों वाहन पानी के तेज बहाव में बह गए। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, 200 से ज्यादा गाड़ियां बाढ़ की चपेट में आई हैं।
राजौरी में धरहाल नदी का जलस्तर अचानक बढ़ने से आसपास के निचले इलाकों में पानी भर गया। कई घरों और दुकानों में पानी घुस गया, जिससे लोगों को भारी नुकसान उठाना पड़ा। बाढ़ के तेज बहाव ने बेला बस स्टैंड को भी प्रभावित किया, जहां का निचला हिस्सा पूरी तरह जलमग्न हो गया।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, कई वाहन मलबे और कीचड़ में दब गए हैं। दो मकानों के क्षतिग्रस्त होने की भी जानकारी सामने आई है। शहर के कई हिस्सों में अभी भी जलभराव की स्थिति बनी हुई है, जिससे आम जनजीवन प्रभावित है। मौसम विभाग ने जम्मू-कश्मीर के लिए अगले 48 घंटों तक भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है और प्रभावित इलाकों में राहत एवं बचाव कार्य जारी हैं।
