रायपुर। छत्तीसगढ़ में लगातार हो रही बारिश जानलेवा साबित हो रही है। बिलासपुर और रायगढ़ जिले में अलग-अलग घटनाओं में दो महिलाओं की मौत हो गई। एक ओर बिलासपुर में तेज बारिश के दौरान नाले में बहने से वृद्धा की जान चली गई, वहीं रायगढ़ में जंगल में मशरूम (पुटू) लेने गई महिला आकाशीय बिजली की चपेट में आ गई।
बिलासपुर में नाले में बहने से वृद्धा की मौत
बिलासपुर के सरकंडा थाना क्षेत्र स्थित लिंगियाडीह एफसीआई गोदाम नाले में बहने से 65 वर्षीय प्रमिला बाई की मौत हो गई। शनिवार सुबह शीला पार्क टावर के पास नाले किनारे झाड़ियों में उनका शव मिला। मृतका लिंगियाडीह अटल आवास की रहने वाली थीं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि वह नाले में कैसे गिरीं या बह गईं। सरकंडा पुलिस मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है।
रायगढ़ में आकाशीय बिजली गिरने से महिला की मौत
रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम लक्ष्मीपुर में 55 वर्षीय प्रभा एक्का अपने परिजनों के साथ जंगल में पुटू (मशरूम) लेने गई थीं। इसी दौरान अचानक मौसम बदल गया और तेज बारिश के साथ गिरी आकाशीय बिजली की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से झुलस गईं। परिजन उन्हें तत्काल सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
लगातार हो रही बारिश के बीच प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों और खुले स्थानों से दूर रहने तथा खराब मौसम के दौरान विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है।
