पेपर लीक पर राहुल गांधी का केंद्र पर हमला, बोले- ‘धर्मेंद्र प्रधान को हटाना ही होगा, मोदी युवाओं से माफी मांगें’

Follow Us

नई दिल्ली। पेपर लीक के मुद्दे पर कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने लगातार दूसरे दिन केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। शनिवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में राहुल गांधी ने कहा कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को पद से हटाना ही होगा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को देश के युवाओं से माफी मांगनी चाहिए। राहुल गांधी ने कहा, “धर्मेंद्र प्रधान को हटाने के अलावा कुछ भी मंजूर नहीं। यह सिर्फ मेरी मांग नहीं, बल्कि देश के युवाओं की मांग है। सरकार अगर उनका मंत्रालय बदलने की सोच रही है, तो ऐसा नहीं होने देंगे।” उन्होंने आरोप लगाया कि शिक्षा मंत्री भ्रष्ट हैं और उन्हें तत्काल इस्तीफा देना चाहिए।

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान राहुल गांधी ने कहा, “नरेंद्र मोदी भारत का अतीत हैं। युवा भारत का भविष्य हैं और नरेंद्र मोदी भविष्य से नहीं लड़ सकते।” इस दौरान उनके साथ तीन छात्राएं भी मौजूद थीं, जिन्होंने कथित तौर पर पेपर लीक और छात्र आंदोलन से जुड़े मुद्दों पर अपनी बात रखी। इससे पहले शुक्रवार को राहुल गांधी ने अपने आवास 10 जनपथ पर प्रदर्शन के दौरान घायल हुए एक छात्र के साथ भी प्रेस कॉन्फ्रेंस की थी। उन्होंने आरोप लगाया था कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर बल प्रयोग किया गया। राहुल ने घायल छात्र के हाथ, पीठ और छाती पर लगी चोटों का जिक्र करते हुए कहा कि वह तिरंगा लेकर शांतिपूर्ण विरोध कर रहा था।

राहुल गांधी ने शनिवार सुबह सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर भी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने लिखा कि सरकार ने प्रदर्शन कर रहे छात्रों के खिलाफ मेट्रो सेवाएं, रास्ते, दुकानें और इंटरनेट तक बंद कर दिए, लेकिन पेपर लीक की घटनाओं को रोकने में विफल रही। पेपर लीक के मुद्दे को लेकर विपक्ष लगातार केंद्र सरकार पर हमलावर है और इस मामले में जवाबदेही तय करने की मांग कर रहा है।