पुतिन का भारत को बड़ा ऑफर: ‘सुखोई Su-57’ लड़ाकू विमान के साथ तकनीक भी देने को तैयार रूस

Follow Us

मॉस्को। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने भारत के सामने अपनी 5वीं पीढ़ी के सबसे आधुनिक लड़ाकू विमान ‘सुखोई Su-57’ (Sukhoi Su-57) को लेकर एक बड़ा और आकर्षक प्रस्ताव रखा है। सेंट पीटर्सबर्ग में मीडिया से बात करते हुए पुतिन ने कहा कि रूस न केवल भारत को यह विमान देने के लिए तैयार है, बल्कि भारत के साथ मिलकर इसका संयुक्त उत्पादन (Joint Production) भी करना चाहता है। इसके साथ ही उन्होंने विमान से जुड़ी सबसे उन्नत तकनीकों (Technology Transfer) को भी भारत के साथ साझा करने की बात कही है। पुतिन ने Su-57 को दुनिया का सबसे बेहतरीन लड़ाकू विमान बताया है।

बता दें कि नाटो (NATO) देशों में ‘फेलन’ नाम से मशहूर यह विमान अमेरिका के F-35 और चीन के J-10 को सीधी टक्कर देता है। Su-57 विमान रडार की नजरों से बच निकलने वाली स्टील्थ तकनीक, डीपली इंटीग्रेटेड एवियोनिक्स और हवा से हवा व जमीन पर अचूक मार करने वाले घातक हथियारों से लैस है। हालांकि, भारत ने साल 2018 में इस प्रोजेक्ट से कदम पीछे खींच लिए थे, लेकिन हालिया रिपोर्टों के अनुसार, भारतीय वायुसेना अपनी ताकत बढ़ाने के लिए फिर से 40 से 50 Su-57 विमानों को खरीदने पर विचार कर रही है।