अंकारा एयरपोर्ट पर टला बड़ा विमान हादसा: पावर बैंक से निकला धुआं, स्लाइडर से बचाई गई यात्रियों की जान

Follow Us

अंकारा। तुर्की के अंकारा एसेनबोगा हवाई अड्डे पर एक बड़ा विमान हादसा होते-होते टल गया। शुक्रवार को अंकारा से इजमिर जाने वाली पेगासस एयरलाइंस की फ्लाइट में अचानक धुएं का गुबार उठने लगा, जिससे विमान के अंदर हड़कंप मच गया। घटना उस समय हुई जब विमान उड़ान भरने के लिए रनवे की ओर बढ़ रहा था। चालक दल की सूझबूझ से तुरंत विमान को रोका गया और आपातकालीन स्थिति में सभी यात्रियों को इमरजेंसी स्लाइडर (हवाई पट्टी पर उतरने वाली ढलान) की मदद से सुरक्षित नीचे उतारा गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई भी यात्री घायल नहीं हुआ।

जांच के दौरान हवाई अड्डा अधिकारियों ने पाया कि केबिन के अंदर एक यात्री ने अपना पावर बैंक चार्जिंग पर लगाया हुआ था। इसी पावर बैंक में शॉर्ट-सर्किट होने की वजह से आग लग गई और धुआं फैल गया। इस घटना ने एक बार फिर विमानों में लिथियम-आयन बैटरी वाले उपकरणों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। गौरतलब है कि तुर्की के नागरिक उड्डयन महानिदेशालय ने साल 2025 में ही सुरक्षा कारणों से विमान के केबिन में पोर्टेबल पावर बैंक चार्ज करने पर पूरी तरह प्रतिबंध लगा दिया था। अधिकारियों ने प्रभावित डिवाइस को जब्त कर मामले की आगे की जांच शुरू कर दी है।