कोरिया। बैकुंठपुर में पूजा पैकरा आत्महत्या मामले को लेकर न्याय की मांग तेज हो गई है। रविवार को सर्व आदिवासी समाज के नेतृत्व में सामाजिक संगठनों, परिजनों और स्थानीय लोगों ने शहर में विशाल रैली निकालकर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शनकारी हाथों में पोस्टर लेकर एसपी कार्यालय की ओर बढ़ रहे थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें रास्ते में ही रोक दिया। इसके बाद कुमार चौक पर लोगों ने नारेबाजी करते हुए पूजा पैकरा के लिए न्याय की मांग उठाई। रैली में बड़ी संख्या में महिलाएं भी शामिल रहीं।
परिजनों और प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि आईसी मार्ट के संचालक समेत अन्य लोगों की कथित प्रताड़ना से परेशान होकर पूजा पैकरा ने 8 जुलाई को आत्महत्या कर ली थी। पुलिस ने मामले में नामजद आरोपी विनोद वैद्य को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि दो अन्य नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी अभी तक नहीं हुई है। इसी को लेकर लोगों में नाराजगी देखी जा रही है। सर्व आदिवासी समाज और पीड़ित परिवार ने कोरिया एसपी को ज्ञापन सौंपकर सभी आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और दोषियों को कठोरतम सजा देने की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह के भीतर प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

