छत्तीसगढ़ में तकनीकी वस्त्र क्षेत्र में विकास के लिए बनेगी परियोजना प्रबंधन इकाई

Follow Us

रायपुर। छत्तीसगढ़ में राष्ट्रीय तकनीकी वस्त्र मिशन (एनटीटीएम) के प्रभावी क्रियान्वयन और तकनीकी वस्त्र क्षेत्र में अनुसंधान, नवाचार, उद्योग तथा कौशल विकास को बढ़ावा देने के लिए परियोजना प्रबंधन इकाई स्थापित की जाएगी। इसके साथ ही तकनीकी शिक्षण संस्थानों और उद्योगों के बीच समन्वय बढ़ाकर विद्यार्थियों को उद्योग आधारित प्रशिक्षण से जोड़ा जाएगा।

मुख्य सचिव की अध्यक्षता में बुधवार को महानदी भवन, नवा रायपुर में राष्ट्रीय तकनीकी वस्त्र मिशन की उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक हुई। बैठक में मुख्य सचिव ने राज्य के तकनीकी शिक्षण संस्थानों और उद्योग प्रतिनिधियों को एक मंच पर लाकर तकनीकी वस्त्र सम्मेलन एवं कॉन्क्लेव आयोजित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि सम्मेलन में तकनीकी वस्त्रों के विभिन्न क्षेत्रों में उपयोग, राष्ट्रीय तकनीकी वस्त्र मिशन के तहत उपलब्ध योजनाओं और उद्योगों की आवश्यकताओं पर चर्चा की जाए। तकनीकी शिक्षण संस्थानों और उद्योगों के बीच सीधा समन्वय स्थापित कर विद्यार्थियों को उद्योगों की जरूरत के अनुरूप प्रशिक्षण देने की व्यवस्था की जाएगी। प्रारंभिक चरण में प्रत्येक तकनीकी संस्थान से 10-10 विद्यार्थियों को उद्योग आधारित प्रशिक्षण उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।


Read more:- रायगढ़ की बेटियों का अंतरराष्ट्रीय जलवा, भारत को दिलाया कांस्य पदक


इससे विद्यार्थियों को तकनीकी वस्त्रों के वास्तविक औद्योगिक उपयोग का अनुभव मिलने के साथ उद्योगों को प्रशिक्षित मानव संसाधन उपलब्ध हो सकेगा। बैठक में हथकरघा एवं वस्त्र गतिविधियों वाले क्षेत्रों के औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों को चरणबद्ध तरीके से वस्त्र प्रशिक्षण केंद्र के रूप में विकसित करने की संभावनाओं पर भी चर्चा हुई। पहले चरण में कोरबा, रायगढ़, जांजगीर-चांपा और बिलासपुर जिलों के संस्थानों को स्थानीय वस्त्र उद्योगों से जोड़ने की दिशा में काम किया जाएगा।

राज्य के विश्वविद्यालयों और तकनीकी संस्थानों को तकनीकी वस्त्रों से संबंधित अनुप्रयोग आधारित अनुसंधान, उत्पाद विकास, परीक्षण, नवाचार और प्रायोगिक परियोजनाएं विकसित करने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। कृषि, अधोसंरचना, जल प्रबंधन, स्वास्थ्य, सुरक्षा, पर्यावरण, पैकेजिंग और ग्रामीण आजीविका से जुड़ी राज्य की आवश्यकताओं के अनुरूप तकनीकी समाधान विकसित करने पर विशेष जोर दिया जाएगा।


Read more:- छत्तीसगढ़ बस्तर के 184 धावकों ने हैदराबाद मैराथन में दिखाया दम


मिशन की योजनाओं के क्रियान्वयन, विभिन्न विभागों एवं संस्थानों के बीच समन्वय और परियोजनाओं की नियमित निगरानी के लिए परियोजना प्रबंधन इकाई स्थापित की जाएगी। यह इकाई तकनीकी संस्थानों और उद्योगों से परियोजना प्रस्ताव प्राप्त कर उन्हें मिशन के दिशा-निर्देशों के अनुरूप तैयार कराने, केंद्र सरकार को स्वीकृति के लिए भेजने तथा स्वीकृत परियोजनाओं के क्रियान्वयन में सहयोग करेगी। इकाई के गठन तक ग्रामोद्योग विभाग में राज्य स्तरीय समन्वय के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त किया जाएगा।

बैठक में उद्योग विभाग, तकनीकी शिक्षा संचालनालय, इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय, छत्तीसगढ़ स्वामी विवेकानंद तकनीकी विश्वविद्यालय, भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान भिलाई, राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान रायपुर, राष्ट्रीय फैशन प्रौद्योगिकी संस्थान रायपुर और हथकरघा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी एवं विशेषज्ञ उपस्थित थे।