राष्ट्रीय मुख्य सचिव सम्मेलन की तैयारी तेज, छत्तीसगढ़ के नवाचारों पर रहेगा फोकस

Follow Us

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मुख्य सचिवों के राष्ट्रीय सम्मेलन की तैयारियों को लेकर मंत्रालय महानदी भवन में उच्च स्तरीय बैठक आयोजित की गई। मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में राष्ट्रीय सम्मेलन से जुड़े विषयों, विभागीय कार्यों की प्रगति और गुणात्मक सुधारों की समीक्षा की गई। अधिकारियों को राज्य की प्रमुख योजनाओं और उपलब्धियों को राष्ट्रीय स्तर पर प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में शिक्षा, कौशल विकास, स्वास्थ्य और पोषण के क्षेत्र में किए गए उत्कृष्ट कार्यों पर विशेष जोर दिया गया। मुख्य सचिव ने संबंधित विभागों को निर्धारित समय-सीमा में आवश्यक जानकारी तैयार करने के निर्देश दिए। इस दौरान आंगनबाड़ी केंद्रों में संचालित खिलौना बैंक पहल की सराहना की गई। इसके तहत लोग अपने बच्चों के पुराने खिलौने जमा करते हैं, जिनका उपयोग आंगनबाड़ी के बच्चों के मानसिक विकास में किया जाता है। इस पहल के अंतर्गत अब तक एक लाख से अधिक खिलौने एकत्र किए जा चुके हैं।

राष्ट्रीय सम्मेलन में विकसित भारत 2047 के लक्ष्यों को ध्यान में रखते हुए चार प्रमुख सत्र आयोजित किए जाएंगे। इनमें आर्थिक विकास, राज्य के वित्त को मजबूत बनाने में खनन क्षेत्र की भूमिका, सुशासन में तकनीक का उपयोग और सड़क सहित अन्य आधारभूत संरचना परियोजनाओं को समय पर पूरा करने जैसे विषयों पर चर्चा होगी। इसके अलावा स्वास्थ्य एवं पोषण, गैर-कृषि कार्यों में उर्वरकों के दुरुपयोग पर नियंत्रण, प्राकृतिक गैस के उपयोग को बढ़ावा देने और अंतरराज्यीय प्रतिस्पर्धा जैसे मुद्दों पर भी विचार-विमर्श किया जाएगा। बैठक में विभिन्न विभागों के वरिष्ठ सचिव और अधिकारी मौजूद रहे।