रायपुर एयरपोर्ट पर टैक्सी चालकों के विवाद और अधिक किराया वसूली की शिकायतों पर पुलिस सख्त, ऑपरेटरों को चेतावनी

Follow Us

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के स्वामी विवेकानंद विमानतल पर यात्रियों से निर्धारित किराए से अधिक राशि मांगने तथा सवारी बैठाने को लेकर टैक्सी चालकों के बीच विवाद और मारपीट की घटनाओं को रायपुर ग्रामीण पुलिस ने गंभीरता से लिया है। पुलिस से आज मिली जानकारी के अनुसार पुलिस ने ओला, उबर, रैपिडो सहित अन्य टैक्सी सेवा प्रदाताओं के संचालकों की बैठक लेकर यात्रियों के साथ शालीन व्यवहार करने और निर्धारित किराया ही वसूलने के निर्देश दिए हैं। साथ ही नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की चेतावनी दी है।

पुलिस अधीक्षक रायपुर ग्रामीण श्वेता सिन्हा के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने सीएसपी माना कार्यालय में टैक्सी ऑपरेटरों की बैठक आयोजित की। बैठक में ओला, उबर, रैपिडो और अन्य टैक्सी सेवाओं से जुड़े संचालकों को परिवहन संबंधी नियमों का पालन सुनिश्चित करने की हिदायत दी गई। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि विमानतल आने-जाने वाले यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है। टैक्सी चालक यात्रियों से सम्मानजनक व्यवहार करें तथा शासन-प्रशासन द्वारा निर्धारित किराया ही प्राप्त करें। बुकिंग और सवारी बैठाने को लेकर किसी भी प्रकार का विवाद या अभद्र व्यवहार स्वीकार नहीं किया जाएगा।

मोदी ने किया बालेंद्र शाह का राष्ट्रपति भवन में पारंपरिक स्वागत

उल्लेखनीय है कि माना विमानतल पर टैक्सी चालकों के बीच यात्रियों को बैठाने को लेकर विवाद की घटनाएं पहले भी सामने आ चुकी हैं। गत 17 नवंबर को दो टैक्सी चालकों के बीच सवारी बैठाने के मुद्दे पर कहासुनी के बाद मारपीट हो गई थी। यात्रियों के सामने हुए इस विवाद के दौरान केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के जवानों ने हस्तक्षेप कर दोनों चालकों को अलग कराया था। इससे पहले सितंबर 2024 में भी विमानतल के पार्किंग नंबर-1 के समीप टैक्सी चालकों के बीच मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इसी प्रकार जनवरी 2024 में सवारी बैठाने को लेकर टैक्सी चालकों और एक ट्रैवल कंपनी के कर्मचारियों के बीच विवाद ने हिंसक रूप ले लिया था। इस घटना में एक चालक के सिर पर चोट आई थी। मामले में तुराब अली और हरविंदर सिंह की शिकायत पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज की थी।

विमानतल पर टैक्सी सेवाओं से संबंधित शिकायतें केवल चालकों के आपसी विवाद तक सीमित नहीं हैं। यात्रियों से मोबाइल ऐप पर प्रदर्शित किराए से अधिक राशि मांगने के मामले भी सामने आए हैं। नवंबर 2026 में इटली की डीजे ओली एस्से ने सोशल मीडिया पर रायपुर में रैपिडो से यात्रा के दौरान हुए अनुभव को साझा करते हुए अतिरिक्त किराया मांगने का आरोप लगाया था। उन्होंने बताया था कि ऐप पर यात्रा का किराया 281 रुपए प्रदर्शित हो रहा था, जबकि चालकों ने उससे अधिक राशि की मांग की। उनके अनुसार, एक चालक ने निर्धारित किराए के अतिरिक्त 500 रुपए मांगे थे। उन्होंने संबंधित कंपनी से ऐसे चालकों के विरुद्ध कार्रवाई करने की मांग की थी। यह मामला सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना था।

मोदी ने बिरला को जन्मदिन की बधाई दी

इन घटनाओं और शिकायतों के मद्देनजर पुलिस ने टैक्सी संचालकों को निर्देशित किया है कि वे अपने अधीन कार्यरत चालकों को यात्रियों के साथ उचित व्यवहार करने, किराया संबंधी नियमों का पालन करने तथा आपसी विवाद से बचने के लिए स्पष्ट निर्देश दें। पुलिस ने चेतावनी दी है कि यात्रियों के साथ दुर्व्यवहार, निर्धारित किराए से अधिक वसूली, सवारी बैठाने को लेकर विवाद अथवा मारपीट की शिकायत मिलने पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, विमानतल पर यात्रियों को सुरक्षित, व्यवस्थित और सुगम परिवहन सुविधा उपलब्ध कराना आवश्यक है। इसके लिए सभी टैक्सी ऑपरेटरों को नियमों का पालन करते हुए आपसी प्रतिस्पर्धा के कारण यात्रियों को होने वाली असुविधा रोकनी होगी।