निर्वस्त्र हालत में हाईवे पर भटक रही महिला को पुलिस ने पहुंचाया नारी निकेतन, दिखाई संवेदनशीलता

Follow Us

रायपुर।  तिल्दा-नेवरा–रायपुर–बिलासपुर नेशनल हाईवे पर शनिवार सुबह एक मानसिक रूप से असहाय प्रतीत हो रही करीब 30 वर्षीय महिला निर्वस्त्र अवस्था में भटकती हुई ग्राम सड्डू पहुंच गई। महिला कुछ घरों में गई, जहां उसने खाना खाया और सामान इधर-उधर फेंक दिया। उसकी स्थिति देखकर ग्रामीणों ने संवेदनशीलता दिखाते हुए उसे कपड़े पहनाने का प्रयास किया, लेकिन महिला ने इसका विरोध किया।

ग्रामीणों की सूचना पर धरसीवा पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और महिला को सुरक्षित अपने संरक्षण में लेकर रायपुर स्थित नारी निकेतन पहुंचाया। बताया गया कि महिला रायपुरा क्षेत्र के किसी “देवागन” नाम का उल्लेख करते हुए लगातार चिल्ला रही थी।

पुलिस ने इस घटना के माध्यम से लोगों से अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति ऐसी असहाय या मानसिक रूप से परेशान अवस्था में दिखाई दे, तो उसका वीडियो बनाने या तमाशा देखने के बजाय तत्काल पुलिस या प्रशासन को सूचना दें। पुलिस ने कहा कि ऐसे मामलों में संवेदनशीलता और इंसानियत दिखाना समाज की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है।