रायगढ़ में अवैध महुआ शराब पर पुलिस की दबिश, 32 लीटर शराब के साथ दो गिरफ्तार

Follow Us

रायगढ़। जिले में अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए पूंजीपथरा पुलिस ने दो अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए 32 लीटर कच्ची महुआ शराब के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जब्त शराब की कीमत 3,200 रुपये बताई गई है। पुलिस ने एक आरोपी के कब्जे से शराब परिवहन में इस्तेमाल की जा रही स्कूटी भी जब्त की है। यह कार्रवाई ऑपरेशन आघात के तहत की गई।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन और थाना प्रभारी निरीक्षक रामकिंकर यादव के नेतृत्व में 23 अक्टूबर को पुलिस टीम ने तुमीडीह–सराईपाली मार्ग और जिंदल प्लांट के पीछे जमडबरी रोड पर दबिश दी। पहली कार्रवाई में तुमीडीह–सराईपाली मार्ग पर स्कूटी से महुआ शराब ले जा रहे संजय साहू (24), निवासी सराईपाली को पकड़ा गया। तलाशी में उसके पास से 500-500 एमएल के 20 पाउच में कुल 10 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद हुई। पुलिस ने शराब के साथ सफेद रंग की स्कूटी क्रमांक CG 13 AH 5891 भी जब्त की।

दूसरी कार्रवाई में जिंदल प्लांट पूंजीपथरा के पीछे जमडबरी रोड पर राजेंद्र निषाद (38), निवासी सराईपाली को गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे में रखी प्लास्टिक बोरी से 44 पाउच में कुल 22 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद हुई। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने शराब बिक्री के उद्देश्य से रखने की बात स्वीकार की। दोनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) और 59(क) के तहत कार्रवाई की गई है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी रामकिंकर यादव, प्रशिक्षु उप निरीक्षक क्षितिज कुमार देवांगन, प्रधान आरक्षक गजेंद्र प्रसाद पैंकरा और आरक्षक नरेंद्र कुमार पैंकरा, सुरेंद्र यादव, कीर्तन यादव व आदिकंद प्रधान की भूमिका रही। पुलिस ने कहा कि जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ निगरानी और कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।