रायपुर। पश्चिम क्षेत्र में अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण और असामाजिक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई के तहत रायपुर पुलिस ने सोमवार रात व्यापक कॉम्बिंग गश्त अभियान चलाया। अभियान के दौरान 9 थाना क्षेत्रों में सघन तलाशी और जांच की गई। इस दौरान 54 गुंडा बदमाश, 29 निगरानी बदमाश और 20 चाकूबाज पुलिस की जांच के दायरे में आए। वहीं वारंटियों की गिरफ्तारी और अवैध शराब के खिलाफ भी कार्रवाई की गई।
पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) रॉबिन्सन गुरिया के मार्गदर्शन में चलाए गए इस अभियान का नेतृत्व उन्होंने स्वयं किया। अभियान में अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (पश्चिम), सहायक पुलिस आयुक्त पुरानी बस्ती देवांश सिंह राठौर सहित पुरानी बस्ती, डी.डी. नगर, आमानाका, आजाद चौक, कबीर नगर, सरस्वती नगर, न्यू राजेंद्र नगर, मुजगहन और टिकरापारा थाना क्षेत्र के प्रभारी समेत करीब 110 पुलिस अधिकारी और कर्मचारी शामिल रहे।
कॉम्बिंग गश्त के दौरान संवेदनशील और अपराध प्रभावित क्षेत्रों, बीएसयूपी एवं आरडीए कॉलोनियों, सार्वजनिक स्थानों, सुनसान इलाकों, प्रमुख मार्गों, होटल-ढाबों और संदिग्ध ठिकानों पर सघन चेकिंग की गई। पुलिस ने आदतन अपराधियों, गुंडा और निगरानी बदमाशों सहित अन्य संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधियों पर विशेष नजर रखी।
अभियान के दौरान 54 गुंडा बदमाशों और 29 निगरानी बदमाशों की जांच की गई, जिनमें से चार के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की गई। वहीं 20 चाकूबाजों का सत्यापन कर उन्हें भविष्य में किसी भी आपराधिक गतिविधि में शामिल नहीं होने की सख्त चेतावनी दी गई।
पुलिस ने वारंटियों और फरार आरोपियों के खिलाफ भी अभियान चलाते हुए 8 स्थायी वारंट और 5 गिरफ्तारी वारंट तामील किए। इसके अलावा अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया गया। कानून-व्यवस्था बनाए रखने और संभावित अपराधों की रोकथाम के उद्देश्य से आठ व्यक्तियों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत भी कार्रवाई की गई।
