बेंगलुरु/मांड्या। चुनावी कड़वाहटों के बीच बुधवार को कर्नाटक से एक सुखद तस्वीर सामने आई। बेंगलुरु एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का गर्मजोशी से स्वागत किया। सोशल मीडिया पर दोनों नेताओं की बातचीत की तस्वीरें छाई हुई हैं, जिसमें पीएम मोदी कांग्रेस नेता के कान में कुछ खास कहते नजर आ रहे हैं। इस शिष्टाचार के साथ ही सिद्धारमैया ने पीएम को एक पत्र सौंपकर जल जीवन मिशन और नेशनल हाईवे जैसी 18 लंबित परियोजनाओं के लिए केंद्र से फौरन मदद की गुहार भी लगाई।
एयरपोर्ट से सीधे मांड्या पहुँचे पीएम मोदी ने आदिचुंचनगिरी मठ के भव्य ‘श्री गुरु भैरवैय्या मंदिर’ का उद्घाटन किया। द्रविड़ वास्तुकला का यह बेजोड़ नमूना वोक्कालिगा समुदाय की आस्था का बड़ा केंद्र है। इस मौके पर पूर्व पीएम एचडी देवेगौड़ा भी मौजूद रहे, जहाँ दोनों नेताओं ने ‘सौंदर्य लहरी’ पुस्तक का विमोचन किया। मंदिर से पहले पीएम ने पौराणिक ‘ज्वाला पीठ’ के दर्शन कर भगवान शिव को नमन किया।
जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम ने विकसित भारत के लिए 9 संकल्प लेने की अपील की। उन्होंने जल संरक्षण को पहली प्राथमिकता बताया और ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के जरिए पर्यावरण रक्षा का आह्वान किया। स्वच्छता, ‘वोकल फॉर लोकल’, घरेलू पर्यटन, प्राकृतिक खेती, मिलेट्स का उपयोग और फिटनेस को उन्होंने देश की प्रगति का आधार बताया।
