रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा और समर्पण के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भाजपा ने ‘सेवा संकल्प अभियान’ की शुरुआत की। रायपुर के भाजपा प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में आयोजित कार्यक्रम के जरिए अभियान का शुभारंभ किया गया। इस दौरान प्रधानमंत्री के लंबे सार्वजनिक जीवन में सेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण के योगदान को प्रमुखता से रेखांकित किया गया।
कार्यक्रम में सांसद एवं राष्ट्रीय संयोजक प्रकोष्ठ संकुल वी.डी. शर्मा, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जम्वाल, प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय, प्रदेश महामंत्री यशवंत जैन और अखिलेश सोनी सहित डॉ. नवीन मार्कंडेय, प्रदेश उपाध्यक्ष जी. वेंकट समेत कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। भाजपा नेताओं ने कहा कि अभियान के जरिए प्रधानमंत्री के सेवा भाव और विकसित भारत के संकल्प को लोगों तक पहुंचाया जाएगा।
भाजपा के मुताबिक ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत सेवा, जनभागीदारी और राष्ट्र निर्माण से जुड़े कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके माध्यम से पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ आम नागरिकों को भी समाजहित के कार्यों में सक्रिय रूप से भाग लेने के लिए प्रेरित किया जाएगा। अभियान के दौरान अलग-अलग स्तर पर विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।
