लीमा। दक्षिण अमेरिकी देश पेरू के एंडीज क्षेत्र में आए शक्तिशाली भूकंप ने भारी तबाही मचा दी है। शनिवार रात आए 5.5 तीव्रता के भूकंप से कई इमारतें क्षतिग्रस्त हो गईं, जिसमें 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि 20 से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं। इस आपदा के बाद करीब 300 लोगों को अपना घर छोड़कर सुरक्षित स्थानों पर जाना पड़ा है। अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) के अनुसार, भूकंप रात 9:24 बजे आया। इसका केंद्र हुआनकायो प्रांत के सिकाया शहर से करीब 2 किलोमीटर पश्चिम-दक्षिण-पश्चिम में 10 किलोमीटर की गहराई पर था। कम गहराई पर आए इस भूकंप के कारण आसपास के इलाकों में झटके ज्यादा तेज महसूस किए गए।
सबसे अधिक नुकसान चोंगो बाजो कृषि क्षेत्र में देखने को मिला, जहां कई परिवारों के घर टूट गए। कई लोगों को रात खुले आसमान के नीचे कंबल ओढ़कर बितानी पड़ी। मलबे में फंसे जानवरों को भी बाहर निकाला गया। राहत और बचाव दल प्रभावित क्षेत्रों में लगातार काम कर रहे हैं। पेरू ‘पैसिफिक रिंग ऑफ फायर’ क्षेत्र में स्थित है, जिसके कारण यहां भूकंप की घटनाएं अक्सर होती रहती हैं। प्रशासन नुकसान का आकलन कर रहा है और प्रभावित लोगों तक मदद पहुंचाने में जुटा है।
