रायपुर। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की ओर से छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को असम प्रदेश का प्रभारी नियुक्त किए जाने के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। इसी क्रम में आदिवासी जिला कांग्रेस धमतरी के अध्यक्ष मनोज साक्षी के नेतृत्व में कांग्रेस पदाधिकारियों ने रायपुर स्थित भूपेश बघेल के निवास कार्यालय पहुंचकर उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए बधाई और शुभकामनाएं दीं। मनोज साक्षी ने कहा कि भूपेश बघेल अनुभवी और जमीनी स्तर पर काम करने वाले नेता हैं।
उन्होंने कहा कि किसान और मजदूर वर्ग से जुड़े मुद्दों को लेकर बघेल की सक्रियता रही है और छत्तीसगढ़ में उनके नेतृत्व में कांग्रेस ने कई महत्वपूर्ण कार्य किए। साक्षी ने उम्मीद जताई कि असम का प्रभारी बनाए जाने के बाद उनके अनुभव का लाभ वहां पार्टी संगठन को मिलेगा और कांग्रेस को मजबूती मिलेगी। इस अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी धमतरी के उपाध्यक्ष राजेन्द्र सोनी, आदिवासी जिला कांग्रेस अध्यक्ष मनोज साक्षी, युवा कांग्रेस के किशन गजेन्द्र, छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी किसान कांग्रेस के उपाध्यक्ष नितिन पिंकी यदु और ब्लॉक कांग्रेस कमेटी नगरी-सिहावा के उपाध्यक्ष भरत लहरे मौजूद रहे। कार्यकर्ताओं ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि पार्टी नेतृत्व ने असम की जिम्मेदारी एक अनुभवी नेता को सौंपी है और उनके मार्गदर्शन में संगठन को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।
