नई दिल्ली। पेपर लीक की घटनाओं पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देर रात 11:52 बजे एक वीडियो संदेश जारी कर देश को संबोधित किया। पीएम मोदी ने स्पष्ट किया कि लाखों छात्रों और उनके परिजनों के भविष्य से खिलवाड़ करने वाले किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने बताया कि पिछले ढाई महीनों में इस दिशा में कई कड़े कदम उठाए गए हैं और आरोपियों को जेल की सलाखों के पीछे भेजा गया है।
पीएम मोदी ने वीडियो संदेश में कहा, ”मैं जानता हूं कि पेपर लीक कोई मामूली विषय नहीं है। लाखों विद्यार्थी और उनके अभिवावकों के लिए बहुत ही पीड़ादायक है। इसलिए पेपर लीक घटना से अब तक पिछले ढाई महीनों में अनेक वैध कदम उठाए गए। गुनहगारों को पकड़ा गया है। वह जेल में पड़े हैं।”
पेपर लीक पर केंद्र सरकार लाएगी नया कानून
प्रधानमंत्री ने आगे कहा, ”हमारा सबसे महत्वपूर्ण जिम्मा था कि विद्यार्थियों का एक वर्ष बर्बाद न हो। तत्काल परीक्षाएं लेना बहुत जरूरी था। सरकार ने अपनी पूरी शक्ति का उपयोग करके कम से कम समय में 22 लाख विद्यार्थियों की परीक्षा हो जाए। इसका प्रबंध किया जाए। और अभी पांच-छह दिन पहले रिजल्ट भी आ गया और देश भर में उत्तीर्ण हुए विद्यार्थियों की खुशियों की खबरें भी आ रही है।”
उन्होंने आगे कहा, ”लेकिन, हम वहां संतोष मानने वालों में से नहीं हैं। इसलिए मैंने आज फास्ट ट्रैक कोर्ट के लिए विभागों को निर्देश दिए। आज विभागों ने लगातार मेहनत करके देर रात मुझे मसौदा भी दे दिया। फास्ट ट्रैक कोर्ट और कठोर सजा के प्रावधान के मसौदा पर आज कैबिनेट में चर्चा होगी। कैबिनेट के साथियों के सुझाव के बाद उसको अंतिम रूप दिया जाएगा। और सोमवार से संसद का दूसरा सप्ताह शुरु हो रहा है तब जल्द से जल्द उस बिल को सदन में पारित कराने का प्रयास किया जाएगा।”
