दिल्ली। केंद्र सरकार ने केंद्रीय नौकरशाही में बड़ा फेरबदल करते हुए कई वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों की नई नियुक्तियां की हैं। कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (डीओपीटी) की ओर से जारी आदेश के अनुसार, कई आईएएस अधिकारियों को अलग-अलग मंत्रालयों और विभागों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। आदेश के मुताबिक, आईएएस कटिकिथला श्रीनिवास को उत्तर-पूर्वी क्षेत्र विकास मंत्रालय में सचिव नियुक्त किया गया है। वहीं आईएएस विनीत जोशी को पंचायती राज मंत्रालय में सचिव की जिम्मेदारी दी गई है। आईएएस नरेश पाल गंगवार को उच्च शिक्षा विभाग में सचिव बनाया गया है।
आईएएस पीयूष गोयल को राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (NHRC) में सेक्रेटरी जनरल नियुक्त किया गया है। इसके अलावा आईएएस टी.के. अनिल कुमार को स्कूल शिक्षा एवं साक्षरता विभाग में सचिव पद की जिम्मेदारी सौंपी गई है। फेरबदल के तहत आईएएस सुशील कुमार लोहानी को पशुपालन एवं डेयरी विभाग में ओएसडी नियुक्त किया गया है। आईएएस अर्चना वर्मा को नेशनल वाटर मिशन का मिशन डायरेक्टर बनाया गया है। वहीं आईएएस केशव चंद्र को खान मंत्रालय में सचिव की जिम्मेदारी मिली है।
इसके अलावा आईएएस डी. थारा को डिपार्टमेंट ऑफ कैपिटल डेवलपमेंट में सचिव नियुक्त किया गया है। आईएएस बी. राजेन्द्र को लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासन अकादमी (LBSNAA) का निदेशक बनाया गया है। आईएएस चंद्र भूषण कुमार को श्रम एवं रोजगार मंत्रालय में सचिव नियुक्त किया गया है, जबकि आईएएस सतेंद्र सिंह को शहरी विकास विभाग में सचिव की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं IDAS अधिकारी सुचिंद्र मिश्रा को राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग में सचिव नियुक्त किया गया है। केंद्र सरकार समय-समय पर प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत करने और मंत्रालयों के कामकाज को बेहतर बनाने के उद्देश्य से वरिष्ठ अधिकारियों के विभागों में बदलाव करती है। इस फेरबदल को भी प्रशासनिक स्तर पर महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
