फर्जी दस्तावेज दिखाकर 27 लाख की ठगी, पंचायत सचिव गिरफ्तार

Follow Us

रायगढ़। जमीन बेचने के नाम पर 27 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने वाले पंचायत सचिव को पुसौर पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। आरोपी ने फर्जी दस्तावेज दिखाकर जमीन का सौदा किया था, जबकि संबंधित भूमि उसके नाम पर थी ही नहीं। पुलिस के अनुसार प्रार्थी इंद्रजीत वर्मा ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी पहचान ग्राम बघनपुर निवासी पंचायत सचिव भीचरण पटेल से थी। आरोपी ने ग्राम कोडातराई स्थित अपनी बताई गई जमीन को बेचने का प्रस्ताव दिया। वर्ष 2022 में दोनों के बीच 35 लाख रुपये में सौदा तय हुआ, जिसमें प्रार्थी ने 27 लाख रुपये अग्रिम भुगतान कर दिए। विश्वास दिलाने के लिए आरोपी ने किसान किताब और अन्य दस्तावेज दिखाए तथा नामांतरण के बाद रजिस्ट्री कराने का भरोसा दिया। लंबे समय तक टालमटोल करने पर जब प्रार्थी ने तहसील कार्यालय में जानकारी ली, तो पता चला कि उक्त भूमि किसी अन्य व्यक्ति के नाम दर्ज है और आरोपी के नाम कोई राजस्व प्रकरण लंबित नहीं है। रुपये वापस मांगने पर आरोपी ने 5 लाख रुपये का एक और 11-11 लाख रुपये के दो चेक दिए, लेकिन बैंक में प्रस्तुत करने पर सभी चेक बाउंस हो गए। बाद में आरोपी ने केवल 1 लाख रुपये लौटाए और शेष राशि देने के नाम पर लगातार बहाने बनाता रहा। जांच में धोखाधड़ी के पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर थाना पुसौर में मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने आरोपी भीचरण पटेल (54) निवासी ग्राम बघनपुर, जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।