‘झूठ फैलाना बंद करे पाकिस्तान’: UN में कश्मीर राग अलापने पर भारत ने इस्लामाबाद को सुनाई खरी-खरी

Follow Us

नई दिल्ली। संयुक्त राष्ट्र महासभा (UNGA) में एक बार फिर कश्मीर का राग अलापने पर भारत ने पाकिस्तान को कड़ा सबक सिखाया है। संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी प्रतिनिधि पी. हरीश ने पाकिस्तान को ‘गलत और पक्षपाती नैरेटिव फैलाने’ के खिलाफ सख्त चेतावनी दी। उन्होंने दोटूक शब्दों में साफ किया कि जम्मू-कश्मीर से जुड़े सभी मामले पूरी तरह से भारत के आंतरिक विषय हैं और यह केंद्र शासित प्रदेश हमेशा भारत का अभिन्न और अटूट हिस्सा रहेगा।

पी. हरीश ने पाकिस्तानी प्रतिनिधि आसिम इफ्तिखार द्वारा उठाए गए दावों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि पाकिस्तान की खोखली बयानबाजी ऐतिहासिक सच्चाइयों को बदल नहीं सकती। उन्होंने याद दिलाया कि पाकिस्तान राजनीतिक फायदों के लिए वैश्विक मंचों का दुरुपयोग करने का आदी हो चुका है।

इसके साथ ही, भारत के विदेश मंत्रालय ने पाकिस्तान द्वारा अवैध कब्जे वाले गिलगित-बाल्टिस्तान में चुनाव कराने की योजना पर भी कड़ा विरोध जताया है। भारत ने इसे गैर-कानूनी और जबरन कब्जा बढ़ाने वाला कदम बताते हुए कहा कि ऐसी चालबाजियों से वहां हो रहे मानवाधिकारों के उल्लंघन, राजनीतिक दमन और आर्थिक शोषण जैसे जमीनी सच को छिपाया नहीं जा सकता। भारत ने पाकिस्तान को इन अवैध क्षेत्रों को तुरंत खाली करने की चेतावनी दी है।