पद्मश्री जागेश्वर यादव का जीवन समाज सेवा और मानवता की मिसाल : मंत्री टंकराम वर्मा

Follow Us

रायपुर। राजस्व एवं उच्च शिक्षा मंत्री टंकराम वर्मा से लेखक डॉ. लोकेश पटेल ने सौजन्य मुलाकात कर पद्मश्री जागेश्वर यादव के जीवन संघर्ष और समाज सेवा पर आधारित पुस्तक ‘बिरहोर जननायक’ भेंट की। इस अवसर पर पद्मश्री जागेश्वर यादव भी उपस्थित रहे। पुस्तक का अवलोकन करते हुए मंत्री वर्मा ने कहा कि पद्मश्री जागेश्वर यादव का जीवन सेवा, समर्पण, करुणा और मानवता के उच्च आदर्शों का प्रतीक है। विशेष पिछड़ी जनजाति बिरहोर समुदाय के उत्थान के लिए उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा। गौरतलब है कि जागेश्वर यादव वर्ष 1980 से बिरहोर समुदाय की शिक्षा, स्वास्थ्य, आजीविका और सामाजिक जागरूकता के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं। उनके प्रयासों से समाज में शिक्षा और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा मिला है। मंत्री वर्मा ने पुस्तक के लिए लेखक डॉ. लोकेश पटेल को बधाई देते हुए कहा कि यह कृति युवाओं, विद्यार्थियों, शोधार्थियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणा एवं मार्गदर्शन का महत्वपूर्ण स्रोत साबित होगी।