कांकेर। कोरर थाना क्षेत्र में पुलिस ने रात के समय चेकिंग के दौरान एक कार से शराब की बड़ी खेप पकड़ी है। पुलिस ने वाहन में सवार तीन लोगों को गिरफ्तार करते हुए उनके कब्जे से शराब, नकदी और मोबाइल फोन बरामद किए। अवैध शराब के परिवहन में इस्तेमाल की जा रही कार को भी जब्त कर लिया गया है। जब्त सामान की कुल कीमत करीब 5 लाख 18 हजार 320 रुपये बताई गई है।
जानकारी के मुताबिक, 5 और 6 सितंबर की दरमियानी रात पुलिस को अवैध शराब तस्करी की सूचना मिली थी। इसके बाद टीम ने चिल्हाटी चौक मुख्य मार्ग पर घेराबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की। इसी दौरान सफेद रंग की मारुति सुजुकी स्विफ्ट डिजायर को रोककर तलाशी ली गई। कार में प्रेम कुमार सिन्हा, उमेंद्र बघेल और रोहित देवांगन सवार थे। तलाशी में सात पेटी सिंबा एक्स्ट्रा स्ट्रांग बीयर, 8 पेटी जम्मू स्पेशल व्हिस्की और एक पेटी इम्पीरियल ब्लू अंग्रेजी शराब मिली। शराब की कुल मात्रा करीब 132.360 लीटर और कीमत 73,320 रुपये आंकी गई है।
पुलिस ने आरोपियों के पास से 25 हजार रुपये नकद और तीन मोबाइल फोन भी बरामद किए, जिनकी कीमत करीब 1 लाख 20 हजार रुपये बताई गई है। इसके अलावा शराब ले जाने में इस्तेमाल कार, जिसकी अनुमानित कीमत 3 लाख रुपये है, को भी जब्त किया गया। इस तरह शराब, नकदी, मोबाइल और वाहन समेत कुल 5,18,320 रुपये का सामान पुलिस के कब्जे में लिया गया। मामले में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) और भारतीय न्याय संहिता की धारा 112 के तहत प्रकरण दर्ज किया है। तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
